सपा-बसपा ने PM मोदी पर लगाया फूट डालने की कोशिश का आरोप

Summary :

बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जबसे सपा-बसपा और रालोद का गठबंधन बना है तब से भाजपा खासकर मोदी अभूतपूर्व संकट में हैं।

गठबंधन करके लोकसभा चुनाव लड़ रही सपा और बसपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर उनके बीच फूट डालने की कोशिश का आरोप लगाया है। बसपा प्रमुख मायावती ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में जबसे सपा-बसपा और रालोद का गठबंधन बना है तब से भाजपा खासकर मोदी अभूतपूर्व संकट में हैं। उन्हें इस गठबंधन से पेट में जो दर्द हो रहा है उसका इलाज उन्हें आगे भी नहीं मिलने वाला है।

उन्होंने कहा ”हमारा गठबंधन वर्तमान के साथ-साथ भविष्य का भी गठबंधन है। प्रधानमंत्री ने फूट डालो और राज करो की नीति के तहत सपा, बसपा के बारे में निराधार बातें की हैं। उनका प्रयास हमें लड़ाना और समर्थकों को भ्रमित करने का ही है लेकिन हमारा गठबंधन जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिये है।”

mayawati

उधर, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मोदी पर सपा-बसपा समर्थकों और देश को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए इसे उनकी हताशा का नतीजा बताया। उन्होंने कहा ”प्रधानमंत्री की भाषा इसलिये बदली क्योंकि हर चरण के चुनाव में भाजपा पीछे चल रही है। भाजपा को कोई रास्ता नहीं सूझ रहा है। ये मालूम पड़ रहा है कि प्रधानमंत्री सिर्फ गुमराह करना चाहते हैं।”

PM मोदी बोले- बहन जी को अब समझ आ गया है कि सपा-कांग्रेस ने बहुत बड़ा खेल खेला है

अखिलेश ने कहा ”भाजपा की जानकारी के लये बता दूं कि सपा, बसपा और रालोद मिलकर तय करेंगे कि अगली सरकार किसकी बनेगी और देश का नया प्रधानमंत्री कौन बनेगा।” मालूम हो कि प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को प्रतापगढ़ में अपनी चुनावी रैली में दावा किया था कि अब यह साफ हो चुका है कि सपा ने गठबंधन के बहाने प्रधानमंत्री पद का ख्वाब दिखाकर मायावती का तो चालाकी से फायदा उठा लिया। मगर अब ‘बहन जी’ (मायावती) को समझ आया गया है कि सपा और कांग्रेस ने मिलकर बहुत बड़ा खेल खेला है।

pm modi

उन्होंने कहा कि बहन जी अब खुलेआम कांग्रेस की आलोचना करती हैं, लेकिन दूसरी तरफ बहनजी के साथ गठबंधन करने वाली सपा अपने निजी स्वार्थ के लिये पूरी तरह कांग्रेस के मुद्दे पर चुप है। कांग्रेस के नेता तो खुशी-खुशी सपा की रैलियों में मंच साझा कर रहे हैं। इन लोगों ने बहनजी को ऐसा धोखा दिया है कि उन्हें भी समझ नहीं आ रहा है।

Desk Team