अलीगढ़/रामपुर/सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कांग्रेस, सपा और बसपा पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों ने सत्ता को अराजकता और भ्रष्टाचार का पर्याय बना दिया था।
योगी ने अलीगढ़, रामपुर और सहारनपुर में उप चुनाव के लिए आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सबके विकास के लिए काम कर रही है। हमारा काम उनको पसंद नहीं आ रहा है जिनके समय में सत्ता सिर्फ अराजकता, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का पर्याय थी। इसमें सपा, बसपा और कांग्रेस सब शामिल हैं। विकास इनकी सोच में ही नहीं था। अब जब इनका विकास विरोधी चेहरा उजागर हो गया, तो जनता इनको 2014 से लगातार खारिज कर रही है।
विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में तीन करोड़ लोगों को अपना घर मिला। आयुष्मान योजना गरीबों के लिए वरदान बन चुकी है। गरीबों को मुफ्त आवास और गैस कनेक्शन दिये गये। प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना का सर्वाधिक लाभ प्रदेश के किसानों को मिला। केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की आय दोगुना करने के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों की खुशहाली के जरिये हम चौधरी चरण सिंह का सपना साकार करना चाहते हैं।
योगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने तो आतंकवाद और भ्रष्टाचार दिया। अनुच्छेद 370 के तहत कश्मीर को विशेषाधिकार देकर बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का अपमान किया। भाजपा ने वह कर दिखाया जो बाकी दल सत्ता में रहते हुए 70 साल में नहीं कर सके।
भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर वहां के लोगों को समान अधिकार देने का कार्य किया। सदियों पुरानी चली आ रही तीन तलाक की कुप्रथा को भाजपा सरकार ने खत्म किया। ये सब कांग्रेस को हजम नहीं हो रहा है।
योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार “एक जिला, एक उत्पाद” के जरिये अलीगढ़ के ताला उद्योग को नया जीवन दे रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश और केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बिना भेदभाव और पारदर्शी तरीके से सभी को लाभान्वित किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



