Bagpat News Update : बागपत में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बड़ागांव स्थित तपस्वी आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। कार्यक्रम में बागपत विधानसभा के विधायक योगेश धामा भी मौजूद रहे।
अखिलेश की तुलना मुगलों से
पत्रकारों से बातचीत में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जिस प्रकार मुगल शासक अपने पिता को हटाकर गद्दी पर बैठते थे, उसी प्रकार अखिलेश यादव भी अपने जीवित पिता को हटाकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने अपने पिता से ही पार्टी की कमान छीन ली, जो भारतीय राजनीतिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
छात्र आंदोलन के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को देखते हुए प्रधानमंत्री ने आवश्यक कदम उठाए हैं। वहीं जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन में असामाजिक तत्व घुस आए थे, जिन्होंने माहौल खराब करने का काम किया। उनका कहना था कि कोई भी संस्कारी छात्र या युवा अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं कर सकता।
एथेनोल को बताया जरूरी कदम
इथेनॉल नीति पर बोलते हुए चौधरी लक्ष्मीनारायण ने कहा कि यह कोई नई व्यवस्था नहीं, बल्कि ऊर्जा सुरक्षा और किसानों के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने दावा किया कि इथेनॉल के बढ़ते उपयोग से गन्ना किसानों को पहले की अपेक्षा बेहतर भुगतान मिल रहा है और इसी कारण विपक्ष इस नीति का विरोध कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पहले देश को हथियार और कृषि उपकरणों के पुर्जे विदेशों से मंगाने पड़ते थे, जबकि अब भारत हथियारों का निर्यात कर रहा है और विमान निर्माण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। उन्होंने विपक्ष पर देश की छवि खराब करने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया।
भाजपा के पदाधिकारी रहे मौजूद
बड़ागांव स्थित तपस्वी आश्रम में दिए गए कैबिनेट मंत्री के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अब राजनीतिक दलों की नजर इन टिप्पणियों पर आने वाली प्रतिक्रियाओं पर टिकी है। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से बागपत विधायक योगेश धामा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें – गाजियाबाद में 10,000 लोगों को जल्द मिलेगा घर, मधुबन-बापूधाम में रजिस्ट्री शुरू, सितंबर में सौंपी जाएगी चाबी



Download Android App
Download iOS App




