कंटेंट हटाएं, यूजर की पहचान बताएं… दिल्ली पुलिस ने CJP प्रदर्शन से जुड़े भ्रमक वीडियो शेयर करने वालों की X से मांगी डिटेल

Summary :

Delhi Police Writes to X: दिल्ली पुलिस ने NEET विरोध प्रदर्शन से जुड़ी कथित भ्रामक और आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्टों को लेकर X से विवादित कंटेंट हटाने और संबंधित अकाउंट यूजर्स की जानकारी मांगी है। पुलिस का दावा है कि फर्जी पोस्ट, एडिटेड वीडियो और अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश की गई, जिसकी जांच जारी है।

Delhi Police Writes to X: NEET परीक्षा पेपर लीक को लेकर हुए छात्र आंदोलन के बाद दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स  को एक आधिकारिक पत्र भेजा है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, पुलिस ने शिकायत में कहा है कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ अपमानजनक, भ्रामक और मानहानिकारक सामग्री शेयर  की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की पोस्ट समाज में भ्रम फैलाने और माहौल बिगाड़ने का काम कर रही हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस के अनुसार, NEET परीक्षा के पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में हुए प्रदर्शनों के दौरान और उसके बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में पोस्ट और वीडियो अपलोड किए गए। इनकी जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसे कंटेंट मिले, जिन्हें भ्रामक या आपत्तिजनक माना गया। इसी के आधार पर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से कार्रवाई की मांग की है।

फर्जी पोस्ट और एडिट वीडियो पर उठाए सवाल

पुलिस ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान हजारों फर्जी पोस्ट, एडिट किए गए वीडियो और गलत जानकारी सोशल मीडिया पर फैलाई गई। इन पोस्टों के जरिए लोगों को गुमराह करने की कोशिश की गई और तनाव का माहौल बनाया गया। वहीं  कुछ सोशल मीडिया आधारित न्यूज पोर्टल भी ऐसी सामग्री को आगे बढ़ाने में शामिल थे।

दिल्ली पुलिस ने एक्स  से कहा है कि जिन अकाउंट्स से विवादित पोस्ट या वीडियो शेयर  किए गए हैं, उन्हें तुरंत हटाया जाए। साथ ही संबंधित अकाउंट यूजर्स  का पूरा नाम, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और रजिस्ट्रेशन  से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। पुलिस ने लॉगिन और लॉगआउट का समय, तारीख और अन्य टेक्निकल रिकॉर्ड भी मांगे हैं ताकि जांच को आगे बढ़ाया जा सके। इसके अलावा पुलिस ने प्लेटफॉर्म से कहा है कि इन पोस्ट और वीडियो से जुड़ा पूरा डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर जांच में उसका इस्तेमाल किया जा सके।

पाकिस्तान से जुड़े सैकड़ों सोशल मीडिया हैंडल की पहचान

दिल्ली पुलिस इससे पहले भी दावा कर चुकी है कि उसने 400 से ज्यादा ऐसे सोशल मीडिया हैंडल की पहचान की है, जिनका संबंध पाकिस्तान से है। पुलिस के अनुसार, इन अकाउंट्स के जरिए प्रदर्शन से जुड़ी अफवाहें, फर्जी दावे और डीपफेक वीडियो लगातार शेयर  किए जा रहे थे। जांच एजेंसियां अब इन सभी गतिविधियों की गहराई से पड़ताल कर रही हैं। दिल्ली पुलिस ने पहले जानकारी दी थी कि 20 से 25 जुलाई के बीच हुए NEET विरोध प्रदर्शन में करीब 2,873 ऐसे लोग मौजूद थे, जिनकी आपराधिक पृष्ठभूमि होने की बात सामने आई है।

पुलिस ने इन लोगों की पहचान करने के लिए फेस रिकग्निशन टेक्नॉलजी  और अन्य मॉडर्न टेक्नॉलजी साधनों का इस्तेमाल किया। वहीं पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि क्या इन लोगों का जंतर-मंतर और दिल्ली के अन्य इलाकों में हुए प्रदर्शन के दौरान हिंसा, तोड़फोड़ या सुरक्षाबलों पर हमले जैसी घटनाओं से कोई संबंध था। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस डिजिटल सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें: Geeta Colony Building Cracks: गीता कॉलोनी में झुकी इमारत, आई बड़ी-बड़ी दरारें, MCD ने चस्पा किया नोटिस

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।