केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए तीनों नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसानों का नेतृत्व करने वाले राकेश टिकैत की उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दरअसल, फोन पर मिल रही धमकियों के मद्देनजर उत्तर प्रदेश शासन ने भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को और सुरक्षाकर्मी दे दिए हैं। उनके पास पहले से ही एक सुरक्षाकर्मी होने के कारण अब 3 सुरक्षाकर्मी हो गए हैं।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता टिकैत को उनके व्हाट्सएप पर अप्रैल और मई में गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस संबंध में कौशांबी थाने पर रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी, साइबर सेल को इसकी जांच भी सौंपी गई है। नवंबर महीने से किसान आंदोलन कर रहे राकेश टिकैत को सबसे पहले दिसंबर में फोन पर धमकी मिली थी। इस मामले में पुलिस ने बिहार के भागलपुर से एक युवक मानव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। अप्रैल में फिरोजाबाद के एक युवक को मोबाइल फोन की जांच के आधार पर राकेश टिकैत को धमकी देने के आरोप में पकड़ा गया था।
बावजूद इसके मई महीने में राकेश टिकैत को दोबारा धमकी दी गई थी, जिस पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उत्तर प्रदेश सरकार ने राकेश टिकैत की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन से उन्हें और अधिक सुरक्षा मुहैया कराने के बारे में रिपोर्ट मांगी थी। जिला प्रशासन ने अपनी ओर से रिपोर्ट प्रेषित कर दी थी कि टिकैत के पास पहले से ही 1 सुरक्षाकर्मी मौजूद है। प्रदेश शासन ने उन्हें 2 और सुरक्षाकर्मी उपलब्ध करा दिए गए हैं। मुजफ्फरनगर के पुलिस अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है।


Download Android App
Download iOS App



