उत्तर प्रदेश में गोण्डा की कर्नलगंज कोतवाली में तैनात 9 पुलिस कर्मियों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया के शिकायती पत्र पर जांच शुरू कर दी गयी है। पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर ने शनिवार को यूनीवार्ता से कहा कि कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक लल्ला भैया ने कर्नलगंज कोतवाली में तैनात 9 पुलिसकर्मियों के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाये थे और इस बारे में अपर पुलिस महानिदेशक (स्थापना ) को शिकायती पत्र भेजा था जिसे संज्ञान में लेते हुये मामले की जांच शुरू की गयी है।
उन्होने बताया कि श्री सिंह ने कर्नलगंज कोतवाली में तैनात निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, प्रेमानन्द, कृष्णकुमार, मुख्य आरक्षी राजकिशोर, जय प्रकाश यादव, भूपेंद, सिंह, आशीष मौर्या और आरक्षी उदयभान मिश्र के विरुद्ध मादक द्रव्य, प्रतिबंधित पशु वध, हरे पेड़ की कटान, परिवहन व अन्य मामलो में संलिप्त होने का संगीन आरोप लगाये हैं। विधायक ने सभी नौ पुलिसकर्मियों को स्थानांतरित कर गोरखपुर जोन से बाहर करने की मांग की है। श्री नय्यर ने बताया कि सभी आरोपी पुलिसकर्मियों के संबन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द, कुमार को जांच सौंप दी गयी है। जांच के उपरांत दोषी पाये जाने पर विभागीय कार्यवाही की जायेगी।


Download Android App
Download iOS App



