बरेली जिले में किला थाना क्षेत्र स्थित जामा मस्जिद के इमाम को हटवाने के लिए बम से उड़ाने की धमकी भरा पर्चा चस्पां करने के आरोप में बृहस्पतिवार को सुबह एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि बुधवार को सुबह छह बजे किला थाना क्षेत्र में जामा मस्जिद की दीवार पर धमकी भरा पर्चा चिपका हुआ था। इसमें मस्जिद को बम विस्फोट कर उड़ाने और मस्जिद के इमाम मुफ्ती खुर्शीद आलम को गोली मारने की धमकी दी गई थी।

थाना किला में मुकदमा दर्ज किया गया था।उन्होंने बताया कि पुलिस ने आज सुबह इस मामले में किला क्षेत्र के रहने वाले मोहम्मद समद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने धमकी देने और पर्चा चिपकाने का जुर्म कबूल कर लिया है।आरोपी ने पुलिस को बताया कि मुफ्ती खुर्शीद आलम ने ईद पर निकलने वाले जुलूस में डीजे बजाने से मना किया था जिसे ले कर उनसे नाराजगी थी। उसने उन्हें मस्जिद से निकलवाने के लिए गोली मारने और बम से उड़ाने की धमकी दी थी।


Download Android App
Download iOS App



