ओवैसी के CM नहीं बनने दूंगा… वाले चैलेंज को योगी ने किया स्वीकार, बोले- AIMIM प्रमुख है बड़े नेता

Summary :

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने 2022 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सीएम नहीं बनने देने की चुनौती दी थी।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पूर्व सियासी हलचल बढ़ गई है, सभी पार्टियों में तोड़-जोड़ की राजनीति चल रही है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने 2022 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सीएम नहीं बनने देने की चुनौती दी थी। ओवैसी की इस घोषणा पर योगी आदित्यनाथ ने अब प्रतिक्रिया दी है। सीएम योगी ने ओवैसी को बड़ा नेता करार दिया और उनकी चुनौती को स्वीकार भी कर लिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी हमारे देश के बड़े नेता हैं, लेकिन वह भूल रहे हैं कि यूपी के अंदर वह बीजेपी को चैलेंज नहीं कर सकते क्यों कि भाजपा यहां अपने मूल्यों और मुद्दों के साथ चुनाव लड़ती है। उन्होनें कहा कि  अगर ओवैसी 2022 विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी को चुनौती दी है तो बीजेपी का कार्यकर्ता उनकी चुनौती को स्वीकारते हैं। इसमें कोई शक नहीं कि 2022 विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार बनाएगी।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही असदुद्दीन ओवैसी ने घोषणा की थी कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की 100 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा था कि वो ओम प्रकाश राजभर की अगुवाई वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी एवं छोटी पार्टियों के गठबंधन भागीदारी संकल्प मोर्चा के साथ मिलकर यूपी में विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। हैदराबाद के सांसद ने हिंदी में ट्वीट कर घोषणा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेगी। बता दें कि ओवैसी आमतौर पर ट्वीट करने में अंग्रेजी भाषा का इस्तेमाल करते हैं।

Desk Team