उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो लाइन के नोएडा सेक्टर 71 से नॉलेज पार्क तक के विस्तार को मंगलवार को मंजूरी दी। नोएडा मेट्रो रेल निगम (एनएमआरसी) के अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि विस्तारित मेट्रो सेवा नोएडा सेक्टर 71 और ग्रेटर नोएडा नॉलेज पार्क-पांच के बीच संचालित होगी, जो दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर जिले में दो शहरों को जोड़ेगी।
एनएमआरसी की प्रबंध निदेशक रितु माहेश्वरी ने कहा, ‘‘लखनऊ में मंगलवार को कैबिनेट मंत्रियों की हुई एक बैठक के दौरान मेट्रो रेल लाइन के विस्तार को मंजूरी दी गई।’’ अधिकारियों ने बताया कि नये रेल संपर्क से गौर सिटी और नोएडा एक्सटेंशन की घनी आबादी वाले इलाकों को एक्वा लाइन और उससे सटी ब्लू लाइन मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की उम्मीद है।
मेट्रो की ब्लू लाइन नोएडा को दिल्ली से जोड़ती है। गौरतलब है कि इस वर्ष जनवरी में नोएडा और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाली मेट्रो की एक्वा लाइन का उद्घाटन किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



