Uttrakhand News : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के निवासियों को लेकर दी गई एक कथित टिप्पणी के बाद देवभूमि में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के लोगों को ‘घुसपैठिया’ कहे जाने के विरोध में करणी सेना युवाशक्ति ने तीखा आक्रोश जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया और सपा प्रमुख का पुतला दहन किया।
‘यह बद्री-केदार और वीरों की भूमि, अपमान बर्दाश्त नहीं’
करणी सेना युवाशक्ति के प्रदेश अध्यक्ष और गौसेवक जोगेन्द्र राणा ‘जोगी’ ने अखिलेश यादव के बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि सपा अध्यक्ष यह भूल गए हैं कि यह वही देवभूमि उत्तराखंड है जिसकी माताओं ने देश की रक्षा के लिए वीर सैनिक दिए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का हर बच्चा देश और धर्म के प्रति पूरी तरह समर्पित है।
जोगेन्द्र राणा जोगी ने कहा, “यह देवी-देवताओं, बद्रीनाथ और केदारनाथ की पवित्र भूमि है। यहीं से मोक्षदायिनी मां गंगा का अवतरण हुआ है और यहां हिमालय विराजमान है। ऐसी पवित्र भूमि के निवासियों को ‘घुसपैठिया’ कहना अत्यंत शर्मनाक और निंदनीय है।”
राम विरोधी के साथ देवभूमि विरोधी भी साबित हुए अखिलेश: करणी सेना
संगठन के पदाधिकारियों ने हमला बोलते हुए कहा कि अखिलेश यादव की मानसिकता राम विरोधी और धर्म विरोधी तो पहले से रही है, लेकिन अब उनके इस तरह के तुच्छ और अमर्यादित बयान ने सिद्ध कर दिया है कि वे देवभूमि उत्तराखंड के भी घोर विरोधी हैं।
राष्ट्रपति से कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग
उत्तराखंड करणी सेना के गौरक्षकों ने महामहिम राष्ट्रपति और भारत सरकार से मांग की है कि देवभूमि तथा यहां के सम्मानित नागरिकों को अपमानित करने के जुर्म में अखिलेश यादव पर सख्त से सख्त दंडात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सार्वजनिक जीवन में इस तरह की ओछी टिप्पणी करने वालों पर लगाम लग सके।
ज्ञापन और पुतला दहन के दौरान दर्जनों कार्यकर्ता रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान करणी सेना के कई प्रमुख पदाधिकारी और गौरक्षक मौजूद रहे। इस मौके पर जोगेन्द्र राणा जोगी, चन्दन मलारा, विनोद लखेरा, राधेश्याम रावत, हितेश शर्मा, गौरव सुयाल, योगिता बनोला, दीपांशु पोखरिया, सुमित सिंह, नरेश भण्डारी, मुकेश नयाल, जगत शर्मा, नंदन बिष्ट, राहुल रोय, चंदू महता, राहुल आर्य, हेमंत करायत, कमल बिष्ट, नवीन कूड़ाई समेत दर्जनों करणी सैनिक उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



