राष्ट्रीय राजधानी के सीमापुरी में कारोबारी से रंगदारी मांगने पहुंचे बदमाशों ने गोली चला दी। पुलिस को सूचना मिली तो एसएचओ समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। बदमाश वहां से भागकर अपने मोहल्ले में चले गए। पुलिस ने जैसे ही उनको गिरफ्तार करने का प्रयास किया, तो स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव करने के अलावा हमला कर दिया। इस आरोप में दिल्ली पुलिस ने दो महिलाओं सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोइदुल, रुकसाना, महमूदा, फिरोज, अजय, इकबाल, हसीबुल, दाराजुल, मोहम्मद मिया और रूहुल अमीन के रूप में हुई है।
अतिरिक्त डीसीपी-2 निशांत गुप्ता ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें 1 अक्टूबर को पूर्वोत्तर दिल्ली इलाके में गोलीबारी की घटना की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि जब पुलिसकर्मी स्थिति का आंकलन करने और ई44 झुग्गी के ठिकाने पर छापेमारी करने गए तो कई लोगों ने हमारे वाहनों पर पथराव करना शुरू कर दिया।
सीमापुरी थाने में पिछले दो दिनों में सभी 10 आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 307, 147, 148, 149, 427, 186, 353, और 332 और 3 पी डीपीपी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि जांच अभी भी जारी है और चश्मदीदों की पहचान के अनुसार और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।


Download Android App
Download iOS App



