वैश्विक महामारी कोरोना का कहर देशभर में जारी है। इस वायरस से अभी भी 17 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं,जबकि 543 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना के बढ़ते मामले की वजह से देश में 3 मई तक लॉकडाउन घोषित किया हुआ है। हालांकि सोमवार यानी आज 20 अप्रैल से कई इलाकों में थोड़ी छूट दी गयी जहां से कोरोना के मामले कम आ रहे हैं। लेकिन इस बीच एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा जिसमें तीन लोग 12 फीट लंबे किंग कोबरा को मारकर कंधे पर लिए दिख रहे हैं। वीडियो अरुणाचल प्रदेश का बताया जा रहा है। वीडियो में इन लोगों को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उन्होंने इस जहरीले सांप को खाने के लिए जंगल में मारा है।

उन्होंने अपने खाने का इंतजाम करते हुए मांस को साफ करने तथा उसके टुकड़े करने के लिए केले के पत्तों की भी व्यवस्था की थी। वीडियो में उनमें से एक को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि कोरोना वायरस और लॉकडाउन की वजह से उनके पास खाने के लिए घर में चावाल नहीं बचा। इस वजह से हम जंगल में गए और वहां कुछ खाने को ढूंढ़ रहे थे उस दौरान किंग कोबरा मिला।

अरुणाचल प्रदेश बड़ी संख्या में लुप्तप्राय सांपों की प्रजातियों का घर है। बता दें कि किंग कोबरा एक संरक्षित सरीसृप है और इसे मारना एक अपराध है। वहीं अधिकारियों ने बताया की इन लोगों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और ऐसे मामले में जमानत भी नहीं मिलती है, लेकिन ये तीनों मौके पर भागने में सफल रहे हैं।

हाल ही में शोधकर्ताओं ने एक विषैले सांप की एक नई प्रजाति की खोज की थी और इसका नाम जेके राउलिंग के काल्पनिक चरित्र ‘सालाजार स्लाइथरीन’ के नाम पर रखा गया था।


Download Android App
Download iOS App



