सोशल मीडिया लाइक्स का क्रेज बना काल, 72 घंटों में रील बनाने के चक्कर में 8 लोगों ने गंवाई अपनी जान

Summary :

सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए लोग कुछ भी करने को तैयार रहते हैं। इस भूख में कई बार वो हादसे का शिकार हो जाते हैं तो कभी-कभी तो लोगों को जान से ही हाथ धोना पड़ जाता है। ऐसे ही चार मामले पिछले 72 घंटे में सामने आए हैं, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई है।

सोशल मीडिया का क्रेज इस समय लोगों पर इस कदर हावी है कि उन्हें किसी बात का होश ही नहीं है। सोशल मीडिया स्टार बनने के चक्कर में आजकल लोग किसी भी हद तक चले जाते हैं। इंटरनेट पर लाइक्स की भूख के लिए लोग कुछ भी करने के लिए तैयार हो जाते है और फॉलोवर्स बढ़ाने के लिए अजीबोगरीब हरकतों पर भी उतर आते हैं।
वैसे सोशल मीडिया पर लाइक्स की ये भूख सिर्फ जवानों को ही नहीं बल्कि हर उम्र के लोगों में देखने को मिल रही है। वीडियो बनाने के चक्कर में लोग अपनी जान की फिक्र तक नहीं करते है और कई बार उनकी लापरवाही उनके लिए जानलेवा साबित होती है। हैरान करने वाली बात ये है कि पिछले 72 घंटों में सोशल मीडिया रील बनाने के चक्कर में 8 लोग अपनी जान से हाथ धो बैठ चुके हैं।
आए दिन ऐसी खबरें सामने आती रहती हैं कि इंस्टाग्राम रील बनाते हुए एक छोटी से गलती की वजह से बड़ा हादसा हो गया। इन हादसों के बाद भी लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं और वो लगातार इस तरह की ऊंटपटांग कारनामें करके अपनी जान को खतरें में भी डाल देते हैं। सोशल मीडिया वीडियो बनाने के दौरान लापरवाही से 72 घंटे में 4 घटनाएं सामने आई हैं।

पहला मामला मुंबई से सामने आया हैं, जहां बांद्रा बैंडस्टैंड पर एक परिवार पिकनिक मनाने गया हुआ था। तीन बच्चे और मम्मी-पापा सभी लोग समुद्र किनारे मस्ती कर रहे थे। फोटो क्लिक कराने के लिए पति-पत्नी दोनों डेंजर जोन में चले गए थे। इस दौरान तेज लहर आई और दोनों समुद्र की लहर में बहने लगे। इस हादसे में पति की जान तो बच गई लेकिन महिला की जान चली गई। 
दूसरा मामला यूपी के इटावा से सामने आया है जहां दिल्ली के बदरपुर के रहने वाले दो लड़के अपने ननिहाल गए थे। दोनों इटावा के इकदिल क्षेत्र की सिंगर नदी में उतरकर इंस्टाग्राम रील बना रहे थे, नदी के बढ़े हुए जलस्तर की परवाह किए बिना रेहान और उसका छोटा भाई चांद दोनों अपने नहाते हुए रील बना रहे थे। तभी रेहान का पैर फिसल गया और उसे बचाने के चक्कर में चांद भी नदी में डूब गया। एक की लाश मिल गई और दूसरे की तलाश जारी है।
तीसरी घटना कानपुर से सामने आई। जहां अंश नाम का लड़का अपने चार साथियों के साथ रील बनाने पांडू नदी पर गया था। इस दौरान उसके दोस्त तो नदी किनारे अपने फोन में रील बना रहे थे लेकिन अंश अचानक से कपड़े उतारकर नदी की धारा में कूद गया। उसके दोस्त का कहना है कि उसने कहा था कि उसे तैरना आता है लेकिन नदी में कूदते ही उसका कुछ पता ही नहीं चला।
आखिरी घटना महाराष्ट्र के चंद्रपुर में हुई जहां सेल्फी लेने की दीवानगी के चक्कर में 4 युवकों ने अपनी जान खो दी।दरअसल, चंद्रपुर जिले के नागभीड तहसील के घोड़ाजारी तालाब में 8 युवक बारिश का मजा लेने पहुंचे थे। जहां एक युवक तालाब के किनारे सेल्फी लेने लगा। अचानक तभी उसका पैर फिसला और वो तालाब में जा गिरा। उसे डूबता देख उसके तीन दोस्त भी तालाब में कूद गए। फिलहाल स्थानीय मछुआरों की हेल्प से सभी के शवों की तालाश की जा रही है।

Desk Team