आजतक हमने जुड़वा बच्चों को जन्म लेते देखा है और अब तो एक साथ तीन बच्चे होने भी आम बात हो गई है। अक्सर ही ऐसे केस देखने को मिल जाते हैं लेकिन रांची में एक महिला ने एक साथ पांच बच्चों को जन्म दिया है, जिसके बाद पूरे अस्पताल में यह चर्चा का विषय बना रहा। जिस किसी ने एक साथ पांच बच्चों के जन्म लेने की बात सुनी वो एक पल के लिए शॉक्ड की रह गया।

राजधानी रांची के रिम्स हॉस्पिटल में चतरा जिले के इटखोरी स्थित मलकपुर गांव निवासी अनिता कुमारी ने एक साथ पांच बच्चों को जन्म दिया है। सभी नवजातों का वजन एक किलो के आसपास है, जिसके बाद बच्चों को नियोनेटल वार्ड में भर्ती कराया गया है। ये ट्वीट इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है और ये खबर इस वक्त लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

रिम्स रांची ने खुद अपने ट्विटर हैंडल से महिला द्वारा एक साथ पांच बच्चों को जन्म देने की जानकारी दी है। ट्वीट में लिखा, रिम्स के महिला एवं प्रसूति विभाग में इटखोरी चतरा की एक महिला ने पांच बच्चों को जन्म दिया है। बच्चें NICU में डाक्टरों की देखरेख में हैं। डॉ शशि बाला सिंह के नेतृत्व में सफल प्रसव कराया गया।

डॉक्टरों ने बताया कि सभी बच्चे प्री-मैच्योर हैं और ऐसे में बच्चों का वजन कम है। इनका जन्म 26-27 हफ्ते में ही हुआ है, ऐसे में उनकी स्थिति को लगातार मॉनिटर किया जा रहा है। बच्चों की सही से देखभाल की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि ये सभी बच्चे भी जल्द स्वस्थ हो जाएंगे। वहीं, मां की हालात ठीक है।

बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब महिला ने पांच बच्चों को जन्म दिया हो। वहीं, इससे पहले रिम्स में ही एक महिला ने चार बच्चों को जन्म दिया था। उनके सभी बच्चे स्वस्थ हो गए थे। हाल ही में खबर आई थी कि पोलैंड की रहने वाली एक 37 साल की महिला ने 5 बच्चों को एक साथ जन्म दिया था। डोमिनिका क्लार्क ने अपनी प्रेग्नेंसी के 28वें सप्ताह में ही 5 बच्चे को जन्म दे दिया।


Download Android App
Download iOS App



