फलों के राजा आम को खाने का असली मजा गर्मियों के दिनों में ही आता है। गर्मी के मौसम में आम की तरह-तरह की वैरायटी मार्केट में देखने को मिल जाती है। दुनियाभर में आम के शौकिन लोगों की कमी कोई नहीं है और इसलिए आम को फलों का राजा कहा जाता है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आम महोत्सव का आयोजन किया गया है।
सीएम योगी ने किया आम महोत्सव का शुभारंभ
दरअसल, यूपी में आम का उत्पादन बढ़ाने, आम उत्पादकों को प्रोत्साहित करने और इस क्षेत्र में निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजधानी लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में आम महोत्सव 2023 का आयोजन किया गया है। आम महोत्सव का उद्घाटन 15 जुलाई को सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने हाथों से किया। इस दौरान सीएम योगी के साथ कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और कृषि निर्यात राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह भी मौजूद रहें।
तीन दिन तक चलेगा आम महोत्सव
लखनऊ में आयोजित ये आम महोत्सव तीन दिन तक चलेगा। खास बात ये है कि इस मेले में 725 आमों की प्रजातियों को प्रदर्शन के लिए रखा गया है और सीएम योगी ने महोत्सव में लगे सभी स्टॉलों में रखे गए तमाम आमों की प्रताजियों को देखा। इसी के साथ उन्होंने इन आमों की खासियत के बारे में भी जाना। सीएम योगी की आम महोत्सव की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं।
आम उत्पादन से जुड़े किसान हुए सम्मानित
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ना सिर्फ आम महोत्सव का शुभांरभ किया बल्कि उन्होंने आम के उत्पादन, क्रय-विक्रय और निर्यात के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों को सम्मानित भी किया। इस दौरान सीएम योगी ने कहा, ये महोत्सव हमारे आमों को देश और दुनिया के विभिन्न बाजारों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा। प्रदेश वासियों सहित सभी आम प्रेमियों को आम की विभिन्न प्रजातियों से साक्षात्कार का अवसर प्रदान करता ये आयोजन हमारे किसान साथियों की न थकने वाली मेहनत का महोत्सव है।
यूरोप को है यूपी के आमों का इंतजार
इसी के साथ उन्होंने बताया कि रूस में यूपी के आमों की काफी डिमांड है। वहां पर 800 सौ रुपये प्रति किलो आम बिक रहा है। यहां से कार्गो के माध्यम से आम भेजने में 190 रुपये का खर्च आता है। इसका मतलब है कि कोई किसान अगर रूस में आम भेजेगा तो उसे 600 रुपये से ज्यादा का नेट प्रॉफिट होगा। हमें यहां के आमों को दुनिया के कोने-कोने में पहुंचाना है। वहीं, यूरोप उत्तर प्रदेश के आमों का इंतजार कर रहा है।