Iqbal Murshidabad Treatment : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में अजीबोगरीब बीमारी से जूझ रहे एक टीनेजर का मामला जोर पकड़ने लगा है। जानकारी के अनुसार बच्चे के अच्छे इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर मुंबई लाया गया है। बेलडांगा के रहने वाले इस लड़के का नाम इकबाल है, जो शरीर में तेज जलन के कारण लंबे समय से अपना दिन और रात गांव के तालाबों में बिताने को मजबूर था।
जैसे ही रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी को जब इस घटना की जानकारी मिली, तो उनके निर्देश पर लड़के को तुरंत मुंबई के सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब देश के प्रमुख विशेषज्ञ डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं।
क्या है इकबाल की समस्या
इकबाल का कहना था कि जैसे ही वह पानी से बाहर निकलता था, उसके पूरे शरीर में तेज जलन होने लगती थी। कई बार उसे ऐसा भी महसूस होता था जैसे कोई ऊपरी साया उसे पानी के भीतर रहने के लिए मजबूर कर रहा हो।
यह मामला तब चर्चा में आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें इकबाल तालाब के पानी में तैरते हुए खाना खाता दिखाई दे रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह सुबह से लेकर देर रात तक अलग-अलग तालाबों में तैरता रहता था।
इकबाल के परिजनों ने बताया कि उन्होंने पहले भी स्थानीय स्तर पर डॉक्टरों को दिखाया था, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। गरीब परिवार होने के कारण वे लंबे और महंगे इलाज का खर्च उठाने में पूरी तरह असमर्थ थे और किसी से मदद की उम्मीद लगाए बैठे थे।
डाक्टरों ने जताई थी सेहत की चिंता
इधर, समस्या यह कि ज्यादा समय पानी में रहने से लड़के को और भी कई गंभीर बीमारियों का खतरा बना हुआ था। विशेषज्ञों ने लंबे समय तक पानी में रहने को सेहत के लिए बेहद खतरनाक बताया। एसएसकेएम अस्पताल के त्वचा विशेषज्ञों के अनुसार, पानी में लगातार रहने से त्वचा कमजोर और नर्म (मैसरेशन) पड़ जाती है। इससे त्वचा फटने लगती है और उसमें फंगल व बैक्टीरियल इन्फेक्शन का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
फिलहाल मुंबई के विशेषज्ञों की देखरेख में इकबाल की जांच शुरू कर दी गई है, जिससे उसकी इस रहस्यमयी बीमारी का सही इलाज संभव हो सके।



Download Android App
Download iOS App



