बंगाल में त्योहारों पर पटाखों को लेकर सख्त नियम, सिर्फ ग्रीन क्रैकर्स जलाने की अनुमति

Summary :

अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अदालत के आदेश के अनुसार काली पूजा और दिवाली वाले दिन रात 8 बजे से 10 बजे तक का समय पटाखे जलाने के लिए निर्धारित किया गया है। वहीं, छठ पूजा के लिए सुबह 6 बजे से 8 बजे तक का समय तय किया गया है।

West Bengal News

West Bengal News : पश्चिम बंगाल में दिवाली, काली पूजा और छठ के त्योहार को देखते हुए बंगाल में पटाखे जलाने को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नियमों के अनुसार, दिवाली पर केवल ग्रीन क्रैकर्स जलाने की अनुमति होगी। दरअसल अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अदालत के आदेश के अनुसार काली पूजा और दिवाली वाले दिन रात 8 बजे से 10 बजे तक का समय पटाखे जलाने के लिए निर्धारित किया गया है। वहीं, छठ पूजा के लिए सुबह 6 बजे से 8 बजे तक का समय तय किया गया है।

आखिर क्यों लिया गया फैसला

अधिकारियों ने बताया कि प्रदूषण को नियंत्रित करने और पर्यावरण को होने वाले नुकसान को कम करने के उद्देश्य से ये पाबंदियां लागू की गई हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय का पालन करें और प्रतिबंधित पटाखों का इस्तेमाल न करें। प्रशासन की ओर से लोगों को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से दिवाली मनाने की सलाह दी गई है। त्योहार के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर उस व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

ग्रीन पटाखे जलाने पर दिया गया जोर

अधिकारियों ने बताया कि प्रदूषण को कम करने के लिए ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करें, इनसे 30 से 40% तक कम प्रदूषण होता है। हमारी लोगों से अपील है कि वे प्रतिबंधित या अवैध पटाखे न खरीदें। आमतौर पर बिकने वाले पटाखों में से धुएं और तेज आवाज के कारण काफी नुकसान होता है। साथ ही अपील करते हुए यह भी कहा कि अस्पताल और वृद्धाश्रम के आसपास पटाखे न जलाएं। ऐसा करने से बीमार और वृद्ध व्यक्तियों को काफी परेशानी होती है।

नियमों का सख्ती से होगा पालन

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रेस कॉन्फ्रेंस में गृह सचिव संघमित्रा घोष, डीजी सिद्धिनाथ गुप्ता, कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंदा और अग्निशमन विभाग के डीजी अनुज शर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी की खबर सामने आई है।

अधिकारियों ने लोगों से त्योहारों के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने और ध्वनि व पर्यावरण प्रदूषण को रोकने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि नियम का पालन न करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी और दंड भी दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें – West Bengal Highway Accident: प्री-वेडिंग शूट के दौरान दूल्हा-दुल्हन की बाइक की स्कॉर्पियो से टक्कर, हाईवे पर तीन लोगों की मौत

Team Desk