न्यूयॉर्क : अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में करीब 69 प्रतिशत मतदाताओं ने डेमोक्रेटिक पार्टी प्रत्याशी जो बाइडेन के पक्ष में मतदान किया जबकि 17 प्रतिशत मुस्लिम मतदाताओं ने रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी एवं मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया। यह आकलन अमेरिका के एक मुस्लिम नागरिक अधिकार समूह द्वारा कराए गए सर्वेक्षण में किया गया है।
अमेरिका के सबसे बड़े मुस्लिम नागरिक अधिकार समूह ‘दि काउंसिल ऑन अमेरिकन-इस्लामिक रिलेशन्स (सीएआईआर) ने मंगलवार को राष्ट्रपति चुनाव-2020 में मुस्लिम मतदाताओं के रुख को जानने के लिए कराए गए एग्जिट पोल के नतीजों को जारी किया।
सीएआईआर ने 844 पंजीकृत मुस्लिम मतदाताओं के परिवारों में सर्वेक्षण किया और पाया कि 84 प्रतिशत मुस्लिम मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया जिनमें से 69 प्रतिशत ने बाइडेन के और 17 प्रतिशत ने ट्रंप के पक्ष में मतदान किया। सीएआईआर ने कहा कि 10 लाख से अधिक अमेरिकी मुस्लिम मतदाताओं ने मतदान किया है जो रिकॉर्ड है।
संगठन के राष्ट्रीय कार्यकारी निदेशक निहाद अवद ने कहा, ‘‘ मुस्लिम समुदाय में राष्ट्रपति चुनाव सहित इस देश के विभिन्न चुनावों को प्रभावित करने की क्षमता है और इस तथ्य को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है।’’
उल्लेखनीय है कि 2016 के चुनाव में ट्रंप को 13 प्रतिशत मुस्लिम मत मिले थे। वहीं इस चुनाव में उन्हें समुदाय से चार प्रतिशत अधिक यानी 17 प्रतिशत मत मिलने की संभावना है। प्यू रिसर्च सेंटर के मुताबिक अमेरिका में 2017 में मुसलमानों की आबादी करीब 34.5 लाख थी, जो कुल आबादी का करीब 1.1 प्रतिशत हैं।


Download Android App
Download iOS App



