दुनियाभर में कोरोना वायरस का कहर जारी है। संक्रमितों का आंकड़ा दिन पर दिन लगातार तेजी से बढ़ रहा है। इस बीच, रूस में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 5,195 नये मामले सामने आने के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10,25,505 हो गयी है।
रूस के कोरोना वायरस प्रतिक्रिया केंद्र ने रविवार को एक वक्तव्य जारी कर यह जानकारी दी। वक्तव्य के मुताबिक रूस के 84 क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 5,195 नये मामले दर्ज किये गये जिनमें से 1156 लोगों में कोरोना वायरस का कोई भी लक्षण सामने नहीं आया है। इन नये मामलों के सामने आने के बाद देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब 10,25,505 हो गयी है और प्रतिदिन 0.5 प्रतिशत की दर से मामले बढ़ रहे हैं।
राजधानी मॉस्को में सर्वाधिक 620 नये मामले सामने आये हैं। इसके बाद सेंट पीटर्सबर्ग में 192 और मॉस्को क्षेत्र में 167 नये मामलों की पुष्टि हुयी है। इस दौरान कोविड-19 के 61 मरीजों की मौत होने से इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या 17,820 हो गयी है। इसके अलावा पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 2,823 मरीज पूरी तरह से ठीक भी हुए हैं। रूस में अब तक 8,40,949 लोग कोरोना संक्रमण को मात दे चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



