भारत में अफगान दूतावास के ट्विटर हैंडल से हुई गनी की आलोचना, प्रेस सचिव बोले- अकाउंट हुआ था हैक

Summary :

राष्ट्रपति अशरफ गनी के जाने के बाद अफगान दूतावास के अधिकारी ने उसके ट्विटर हैंडल से गनी की आलोचना करते हुए किए गए कई ट्वीट पर अकाउंट हैक होने की आशंका जताई है।

अफगानिस्तान में लगतार बढ़ रहे तालिबान के कब्जे और राष्ट्रपति अशरफ गनी के जाने के बाद अफगान दूतावास के अधिकारी ने उसके ट्विटर हैंडल से गनी की आलोचना करते हुए किए गए कई ट्वीट पर अकाउंट हैक होने की आशंका जताई है। नयी दिल्ली स्थित अफगान दूतावास के प्रेस सचिव अब्दुल हक आजाद ने ट्वीट किया कि उन्होंने मिशन के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर नियंत्रण खो दिया है। इसके साथ ही उन्होंने एक ट्वीट का स्क्रीनशॉट साझा किया जिसमें देश छोड़ने पर गनी की आलोचना की गई थी।
आजाद ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, ‘‘मैनें @अफगानिस्तान इनइन ट्विटर हैंडल तक पहुंच खो दी है, एक मित्र ने इस ट्वीट का स्क्रीनशॉट भेजा है, (यह ट्वीट मुझे दिखाई नहीं दे रहा), मैंने लॉग इन करने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुआ, लगता है कि इसे हैक कर लिया गया है।’’ बाद में गनी की आलोचना करने वाले ट्वीट को हटा दिया गया। 

ट्वीट में लिखी थीं यह बाते 
दरअसल, सोमवार सुबह भारत में अफगान दूतावास के ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट किया गया। इसमें राष्ट्रपति अशरफ गनी के अफगानिस्तान छोड़कर जाने की आलोचना करते हुए लिखा गया कि “अशरफ गनी भाग गए हैं। उन्होंने सब बर्बाद कर दिया। हम सभी से माफी मांगते हैं कि हमने एक भगोड़े की सेवा की। अल्लाह ऐसे गद्दार को सजा दे। उनकी विरासत हमारे इतिहास पर धब्बा होगी।”

Desk Team