यरुशलम/न्यूयॉर्क, 24 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी में दो यहूदियों पर चाकू से हमले के मामले सामने आए। इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क शहर में दो लोगों पर चाकू से हुए हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे एक भयानक यहूदी-विरोधी हमला बताया और न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी पर ऐसे माहौल में योगदान देने का आरोप लगाया, जिसमें यहूदियों को निशाना बनाया जा रहा है।
इजरायली विदेश मंत्री सार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना को लेकर गुस्सा दिखाया और इसे इजरायल के खिलाफ महीनों से लोगों को भड़काने की कोशिश से जोड़ा।
सार ने लिखा, “मैं न्यूयॉर्क में हुए भयानक एंटीसेमिटिक (यहूदी विरोधी) चाकूबाजी हमले से हैरान हूं। व्याकुल हूं लेकिन दुख की बात है कि हैरान नहीं हूं। यह हिंसा यूं ही नहीं हुई। ममदानी की तरफ से यहूदी देश के खिलाफ महीनों से चल रही भड़काने की कोशिशों ने ऐसा माहौल बनाने में मदद की है जिसमें यहूदियों को निशाना बनाया जा रहा है।”
इजरायली विदेश मंत्री ने आगे कहा, “बातों के नतीजे होते हैं।” न्यूयॉर्क शहर के मेयर से तुरंत कार्रवाई की मांग करते हुए, सार ने कहा, “ममदानी को भड़काना बंद करना चाहिए, यहूदी-विरोधी भावना का डटकर सामना करना चाहिए और शहर के यहूदी समुदाय की रक्षा के लिए अभी कार्रवाई करनी चाहिए। बस बहुत हो गया।”
सार की यह बात न्यूयॉर्क के अधिकारियों द्वारा मैनहट्टन में एक एशियाई आदमी और एक यहूदी आदमी से जुड़ी दो अलग-अलग चाकूबाजी की घटनाओं के सिलसिले में एक संदिग्ध की गिरफ्तारी की घोषणा के बाद आई है।
इससे पहले, न्यूयॉर्क पुलिस कमिश्नर जेसिका एस. टिश ने कहा था कि अलग-अलग हमलों में दो लोगों को चाकू मारा गया और दोनों पीड़ितों को अस्पताल ले जाया गया।
न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (एनवाईपीडी) के अनुसार, 51 वर्षीय राउल मोरालेस को दोनों चाकूबाजी की घटनाओं के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया गया है और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की तलाश नहीं की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ितों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मोरालेस ने दोनों हमलों के दौरान कथित तौर पर “अल्लाहु अकबर” के नारे लगाए थे। जांच अधिकारी यह भी पड़ताल कर रहे हैं कि क्या इन हमलों को हेट क्राइम (घृणा अपराध) माना जाना चाहिए।
एनवाईपीडी ने कहा कि विभाग के रिकॉर्ड में आरोपी का मानसिक स्वास्थ्य संबंधी कोई इतिहास नहीं है, लेकिन शुरुआती जांच से संकेत मिले हैं कि मानसिक स्वास्थ्य भी इस घटना का एक कारण हो सकता है।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि आरोपी का दोनों पीड़ितों में से किसी के साथ कोई ज्ञात संबंध नहीं था और न ही दोनों पीड़ित एक-दूसरे को जानते थे।
इससे पहले न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोह्रान ममदानी ने इन हमलों की निंदा करते हुए कहा कि उन्हें “इन भयावह चाकूबाजी की घटनाओं” की जानकारी दी गई है और उन्हें राहत है कि दोनों पीड़ितों की हालत स्थिर है।
उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए एनवाईपीडी अधिकारियों का धन्यवाद किया और कहा कि पुलिस इन घटनाओं की संभावित हेट क्राइम के तौर पर जांच कर रही है।
ममदानी ने कहा, “इस तरह के नफरत से प्रेरित और घृणित हमलों के लिए हमारे शहर में कोई जगह नहीं है।”
पुलिस ने बताया कि हमलों के पीछे के मकसद की जांच अभी जारी है और एनवाईपीडी मामले के सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही है।
–आईएएनएस
केके/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



