नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के दौरे पर ऐसा बयान दिया, जिससे पाकिस्तान की बौखलाहट बढ़ गई। गोर ने श्रीनगर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की और जम्मू-कश्मीर को भारत का हिस्सा बताया।
सर्जियो गोर के जम्मू-कश्मीर वाले बयान के तुरंत बाद पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में अमेरिकी डिप्लोमैट को तलब किया। इसे लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा, “मुझे पाकिस्तान की निराशा पर टिप्पणी करने की कोई वजह नहीं दिखती। मुझे यही कहना है।”
हाल ही में भारतीय सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन ने फिलिस्तीन का तीन दिवसीय दौरा किया। इस दौरे को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, “हमारी सचिव के फिलिस्तीन दौरे के बारे में मैं कहना चाहता हूं कि हम इस खास दौरे पर संदेश, रिलीज और बयान जारी कर रहे हैं। वह 18 से 20 अगस्त तक फिलिस्तीन गईं, इसलिए यह तीन दिन का दौरा था। वह दूसरे अधिकारियों के साथ रामल्लाह गईं और फिलिस्तीन के प्रधानमंत्री से मिलीं। उन्होंने फिलिस्तीन के विदेश मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, श्रम मंत्री और शिक्षा मंत्री के साथ उच्च स्तरीय बैठकें भी कीं।”
इसके अलावा, विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि यमन और सोमालिया में समुद्री डाकुओं ने दो जहाजों को हाईजैक कर लिया है, जिनमें भारतीय नागरिक सवार हैं।
रणधीर जायसवाल ने कहा, “ये दो जहाज हैं, जिन पर दूसरे देश का झंडा लगा है। जहाज पर 22 भारतीय नागरिक हैं, एक जहाज पर 16 और दूसरे पर 6।”
उन्होंने आगे कहा कि हमें अब तक जो पता चला है, वह यह है कि जहाज पर सवार हमारे सभी 22 नागरिक सुरक्षित हैं। हम इस मामले में संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं ताकि हम अपने लोगों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित कर सकें।
अरिहा मामले को लेकर उन्होंने कहा, “अरिहा शाह केस पर, मेरे पास इस खास मामले पर कोई अपडेट नहीं है, लेकिन मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि हम उनकी कॉन्सुलर जरूरतों का ध्यान रख रहे हैं और दूतावास इस खास मामले पर उनके और जर्मन अधिकारियों के संपर्क में है।”
–आईएएनएस
केके/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



