भूख, सील सीमाएं और मौत के खौफ से 24 घंटे में वापस मोरक्को लौटे 48 हजार लोग, 67 की मौत

Summary :

यूरोप जाने के चक्कर में स्पेन के सेउटा शहर पहुँचे 50 हजार से अधिक प्रवासियों में से 48 हजार से ज्यादा को भूख, बंद रास्तों और थकान के कारण महज कुछ ही घंटों में मोरक्को वापस लौटना पड़ा। इस त्रासदी में 67 लोगों की मौत हो चुकी है।

Spain Morocco Border Conflict : यूरोप में बेहतर कल तलाश रहे हजारों युवाओं के लिए स्पेन का सेउटा शहर एक खौफनाक दुःस्वप्न में तब्दील हो गया। मोरक्को सीमा के रास्ते 31 जुलाई को करीब 50 से 60 हजार प्रवासी समुद्र तैरकर और बाड़ तोड़कर सेउटा में दाखिल हुए। हालांकि, महज 24 घंटे के भीतर 48,300 से अधिक लोगों को वापस मोरक्को लौटने पर मजबूर होना पड़ा।

इस भीषण अफरा-तफरी, भगदड़ और समुद्र में डूबने के कारण अब तक 67 प्रवासियों की जान जा चुकी है। स्पेनिश इतिहास की इस सबसे बड़ी घुसपैठ ने पूरे यूरोपीय संघ में खलबली मचा दी है।

क्यों मोड़ा प्रवासियों ने वापस अपना कदम?

Spain Morocco Border Conflict
SOURCE : SOCIAL MEDIA

जान जोखिम में डालकर स्पेन की जमीन पर पहुंचे प्रवासियों के सामने कुछ ही घंटों में कड़वी हकीकत आ खड़ी हुई।

  • भूख और बदइंतजामी: महज 84 हजार की आबादी वाले सेउटा शहर में अचानक उमड़ी भीड़ के आगे राहत व्यवस्था ध्वस्त हो गई। पानी और भोजन न मिलने से भुखमरी जैसे हालात बन गए।

  • मुख्य यूरोप का रास्ता बंद: प्रवासियों को उम्मीद थी कि वे यहां से स्पेन के मुख्य भूभाग और आगे यूरोप निकल जाएंगे। लेकिन स्पेनिश सेना और पुलिस ने घेराबंदी कर सभी रास्ते पूरी तरह सील कर दिए।

  • थकान और स्थानीय गुस्सा: घंटों तैरने की वजह से लोग बुरी तरह थके हुए थे। ऊपर से स्थानीय नागरिकों का कड़ा विरोध और बंद दुकानें देखकर उनके पास लौटने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा।

सेउटा की रणनीतिक

Spain Morocco Border Conflict
SOURCE : SOCIAL MEDIA

सेउटा भौगोलिक रूप से अफ्रीका महाद्वीप में मोरक्को की सीमा से सटा है, लेकिन प्रशासनिक तौर पर यह स्पेन और यूरोपीय संघ (EU) का हिस्सा है। यही वजह है कि इसे यूरोप प्रवेश का सबसे आसान जरिया माना जाता है। स्यूटा और मोरक्को के बीच 8 किलोमीटर लंबी तारबंदी है, जिसे नाकाम करने के लिए लोग समुद्री रास्ता चुनते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस अचानक हुई घुसपैठ के पीछे स्पेन-मोरक्को के कूटनीतिक रिश्ते और सीमा निगरानी में ढील भी बड़ी वजह हो सकते हैं।

हादसे के बाद स्पेनिश प्रशासन ने सीमा पर सेना की तैनाती बढ़ा दी है और समुद्र में 500 मीटर लंबा फ्लोटिंग बैरियर लगाना शुरू कर दिया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यूरोपीय संघ ने आपात बैठक बुलाई है।

यह भी पढ़ें – पाकिस्तान में फिर भड़का ल्यारी गैंगवार, उजैर बलोच के भाई जुबैर पर ताबड़तोड़ फायरिंग!

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।