रूस-यूक्रेन शांति प्रयासों में लगे हुए हैं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप : व्हाइट हाउस

Summary :

व्हाइट हाउस ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने की कोशिशों में लगातार जुड़े हुए हैं। हालांकि, इस समय रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से उनकी कोई सीधी फोन बातचीत तय नहीं है। सोमवार को व्हाइट हाउस की नियमित प्रेस वार्ता में प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि राष्ट्रपति कूटनीतिक प्रयासों पर नजर बनाए हुए हैं और बातचीत के जरिए इस युद्ध का समाधान निकालने की दिशा में काम जारी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति इस पूरे मामले में गंभीर रूप से शामिल हैं और उनके सलाहकार उन्हें हर नए घटनाक्रम की जानकारी देते…

व्हाइट हाउस ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने की कोशिशों में लगातार जुड़े हुए हैं। हालांकि, इस समय रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से उनकी कोई सीधी फोन बातचीत तय नहीं है।

सोमवार को व्हाइट हाउस की नियमित प्रेस वार्ता में प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि राष्ट्रपति कूटनीतिक प्रयासों पर नजर बनाए हुए हैं और बातचीत के जरिए इस युद्ध का समाधान निकालने की दिशा में काम जारी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति इस पूरे मामले में गंभीर रूप से शामिल हैं और उनके सलाहकार उन्हें हर नए घटनाक्रम की जानकारी देते रहते हैं।

कैरोलिन लेविट ने साफ किया कि फिलहाल राष्ट्रपति ट्रंप और राष्ट्रपति पुतिन के बीच किसी फोन कॉल का कार्यक्रम तय नहीं है। उन्होंने कहा कि इस हफ्ते ऐसी किसी बातचीत की जानकारी उन्हें नहीं है, लेकिन इसके बावजूद अमेरिका की कूटनीतिक कोशिशें लगातार जारी हैं।

उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में अमेरिकी अधिकारियों ने दूसरे देशों के साथ मिलकर कई स्तरों पर बातचीत की है। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी दी है कि वे दोनों पक्षों को बातचीत की मेज तक लाने के लिए लगातार संपर्क बनाए रखें।

प्रेस सचिव ने यह भी कहा कि अमेरिका के विशेष दूतों की हालिया बैठकें अपने आप में ऐतिहासिक रही हैं। इन बैठकों में युद्ध में शामिल दोनों पक्षों ने भाग लिया और युद्ध खत्म करने के तरीकों पर चर्चा की गई। उनका कहना था कि राष्ट्रपति की टीम शांति की दिशा में कदम आगे बढ़ाने में लगी हुई है।

कैरोलिन लेविट ने जोर देकर कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने शांति की कोशिशों को छोड़ा नहीं है। उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति शांति प्रक्रिया को नहीं छोड़ रहे है। कूटनीति उनकी विदेश नीति के एजेंडे की प्राथमिकता बनी हुई है।”

रूस-यूक्रेन युद्ध अब अपने चौथे साल में प्रवेश कर चुका है। राष्ट्रपति ट्रंप दोनों देशों के बीच युद्धविराम या राजनीतिक समाधान निकालने के लिए गंभीर प्रयास कर रहे हैं। युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका ने कूटनीतिक और सुरक्षा से जुड़े कदमों में अहम भूमिका निभाई है।

भारत सहित दुनिया के कई देशों के लिए रूस-यूक्रेन संघर्ष में अमेरिका की भूमिका काफी महत्वपूर्ण बनी हुई है। इसका असर वैश्विक सुरक्षा, ऊर्जा बाजार और यूरोप में शक्ति संतुलन पर लगातार पड़ रहा है।

–आईएएनएस

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.