व्हाइट हाउस ने अपने पूर्व शीर्ष कर्मचारी रॉब पोर्टर पर लगे घरेलू हिंसा के आरोपों को निपटाने के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, दो पूर्व पत्नियों द्वारा प्रताड़ना व दुर्व्यवहार का आरोप लगाए जाने के बाद पोर्टर ने सात फरवरी को इस्तीफा दे दिया था।
व्हाइट हाउस में सोमवार को प्रेस ब्रीफ के दौरान प्रेस सचिव सारा सैंडर्स ने जोर देते हुए कहा कि ट्रंप के शीर्ष सहयोगियों को छह फरवरी की शाम तक पोर्टर के खिलाफ लगे आरोपों की सीमा का अंदाजा नहीं था, जब वे पहली बार ‘डेली मेल’ द्वारा सामने लाए गए। उन्होंने एक बयान पढ़ा जिसके बारे में उन्होंने कहा कि इसे खुद डोनाल्ड ट्रंप ने लिखवाया है। यह बताकर उन्होंने इस आरोप को गलत साबित करने की कोशिश की कि राष्ट्रपति ने इस मुद्दे को ज्यादा तव्वजो नहीं दी है।
सैंडर्स ने कहा, ‘राष्ट्रपति और पूरा प्रशासन घरेलू हिंसा को बेहद गंभीरता से लेता है और मानता है कि सभी आरोपों की बखूबी जांच कराए जाने की जरूरत है। राष्ट्रपति घरेलू हिंसा के पीड़ितों के साथ हैं और उनका मानना है कि हर किसी के साथ न्यायपूर्ण व उचित व्यवहार होना चाहिए।’ सीएनएन के मुताबिक, ट्रंप ने नौ फरवरी को पोर्टर की ईमानदारी की प्रशंसा करते हुए कहा था कि आरोपों की अगर जांच ना हो तो वे किसी शख्स का करियर बर्बाद कर सकते हैं। सैंडर्स ने पोर्टर मामले में 20 मिनट से ज्यादा समय तक सवालों का सामना किया।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



