अमेठी से नवनिर्वाचित सांसद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के करीबी माने जाने वाले बरौलिया गांव के पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक दया राम ने रविवार को बताया कि बरौलिया गांव के पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह को शनिवार रात करीब 3 बजे अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि इस मामले में दो लोगो को हिरासत में लिया गया है। घटना की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि यह एक पुराने विवाद या राजनीतिक विवाद के कारण हो सकता है।” वही, इस हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
लोकसभा चुनाव के दौरान जूता वितरण प्रकरण में सुरेंद्र सिंह काफी चर्चा में रहे थे। उन्हें स्मृति ईरानी का करीबी माना जाता था। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने स्मृति ईरानी पर बरौलिया गांव के लोगों को जूते बांटने का आरोप लगाते हुए इसे अमेठी के लोगों का अपमान बताया था। बरौलिया गांव को पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गोद लिया था।