बिहार के समस्तीपुर (सुरक्षित) लोकसभा सीट और विधानसभा की नाथनगर, सिमरी बख्तियारपुर, दरौंदा, बेलहर तथा किशनगंज सीट के लिए 21 अक्टूबर को उपचुनाव होगा और मतगणना 24 अक्टूबर को होगी। चुनाव आयोग ने आज उपचुनाव के लिए जो कार्यक्रम घोषित किया है उसके अनुसार, समस्तीपुर संसदीय सीट और बिहार विधानसभा की पांच सीटों के लिए अधिसूचना 27 सितम्बर को जारी की जायेगी और उसी दिन से उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।
नामांकन भरने की अंतिम तिथि 04 अक्टूबर होगी। नामांकन पत्रों की जांच 05 अक्टूबर को और सात अक्टूबर तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 21 अक्टूबर को तथा मतगणना 24 अक्टूबर को होगी। चुनाव प्रक्रिया 27 अक्टूबर तक पूरी कर ली जायेगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ ने आज दिल्ली में महाराष्ट्र एवं हरियाणा विधानसभा चुनाव के साथ ही बिहार में उप चुनाव कराये जाने की घोषणा की। गौरतलब है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रमुख एवं केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के छोटे भाई रामचंद, पासवान के निधन के कारण समस्तीपुर सीट रिक्त हुई है।
श्री रामचंद, पासवान का 21 जुलाई 2019 को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया था। वहीं, नाथनगर, सिमरी बख्तियारपुर, दरौंदा, बेलहर तथा किशनगंज विधानसभा सीट लोकसभा चुनाव में विधायकों के सांसद बनने के कारण रिक्त हुई है।


Download Android App
Download iOS App



