नीतीश कुमार के एनडीए से अलग होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब सियासी हमला बोलना प्रारंभ कर दिया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मंगलवार को नीतीश कुमार से कई प्रश्न करते हुए कहा कि जब जदयू के लोगों को टिकट देने के लिए भाजपा ने सिटिंग एमपी का टिकट काटा तो भाजपा अच्छी थी और अब पार्टी तोड़ने वाली हो गई।
पार्टी में विरोध के बावजूद मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट किया
प्रसाद ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक संवाददता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि नीतीश कुमार 2019 में नरेद्र मोदी की वजह से लोकसभा जीते। नरेद्र मोदी के नाम पर 2020 में विधानसभा चुनाव जीता। उन्होंने कहा कि नब्बे के दशक से ही भाजपा उनको बढ़ाने का काम कर रही थी। भाजपा ने उन्हें केंद्रीय मंत्री बनाया और उनकी पार्टी में विरोध के बावजूद मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2020 के विधानसभा चुनाव में कम सीट होने के बाद भी भाजपा ने नीतीश कुमार को सीएम बनाया। इस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सधन प्रचार किया और एनडीए की साख बनाई। प्रसाद ने नीतीश कुमार से सवाल करते हुए कहा कि चारा घोटाले की लड़ाई के दौरान वे भाजपा के साथ आए थे। उन्होंने उस समय जंगलराज, लूट, परिवारवाद, भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा के साथ मिलकर आवाज बुलंद की थी।
बिहार की जनता को धोखा देकर तेजस्वी यादव के साथ मिल गए
भाजपा नेता ने कहा कि लालू प्रसाद के चारा घोटाला में शामिल होने के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारे साथ आए थे और अब हमें और बिहार की जनता को धोखा देकर तेजस्वी यादव के साथ मिल गए हैं।
प्रसाद ने कहा नीतीश कुमार भाजपा पर जदयू को तोड़ने और कमजोर करने का आरोप लगा रहे हैं। जब हमसे अलग होकर लोकसभा चुनाव में अकेले लड़े थे, तब उनकी पार्टी को दो सीटें आई थी और अब जब साथ लड़े तो 16 सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब हुए हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भाजपा ने उन्हें कमजोर नहीं किया बल्कि साथ लेकर चली और दिन प्रतिदिन हमारे साथ मजबूत हुए।
संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि नीतीश कुमार आदतन धोखेबाज हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा निशिचत रूप से संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि उनके धोखे को जनता समझ गई है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि इसके बाद नीतीश कुमार की राजनीति समाप्त जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



