पटना: मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक प्रकट करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व बिहार प्रभारी, श्री विनोद तावड़े ने आज कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के संस्थापक-अध्यक्ष, श्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन से भारतीय राजनीति में एक युग का अंत हुआ है। समाज के पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों के उत्थान के सच्चे हितैषी बनकर उन्होंने कार्य किया। ऐसे वरिष्ठ नेता के जाने से भारतीय राजनीति को गहरी क्षति पहुँची है।
मुलायम सिंह जी को याद करते हुए श्री तावड़े ने कहा कि उन्होंने अपनी लगनशीलता एवं पूर्ण निष्ठा से लोगों की सेवा की और लोकनायक जयप्रकाश और डॉ. लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने न केवल उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में खुद को स्थापित किया, बल्कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के एक प्रमुख सैनिक की भूमिका भी निभायी थी।
बिहार भाजपा प्रभारी ने कहा कि रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने एक मजबूत भारत बनाने के लिए काम किया। उनके संसदीय हस्तक्षेप व्यावहारिक थे और राष्ट्र हित को आगे बढ़ाने पर उन्होंने निरंतर बल दिया था। उन्हें एक उल्लेखनीय राजनेता के रूप में याद किया जाएगा जो लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। उनके योगदानों को भारतीय राजनीति के इतिहास में याद किया जाएगा और उनकी विरासत को आने वाले वर्षों में संजोया जाएगा। उन्होंने अपने पार्टी के वैचारिक आदर्शों का बखुबी से पालन किया । ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें, और उनके परिवार के सदस्यों को इस दुख से उभरने की शक्ति प्रदान करें।