बिहार बजट सत्र के पहले दिन लकड़ी का चूल्हा लेकर पहुंचे कई विपक्षी विधायक

Summary :

बिहार की नीतीश सरकार का विधानसभा में पहला बजट सत्र शुक्रवार से शुरू हुआ, जहां पर काफी सियासी ड्रामा हुआ। बजट सत्र के पहले ही दिन विपक्षी दलों के विधायकों के तेवर बता रहे हैं कि 24 मार्च तक चलने वाले इस सत्र में विपक्ष कई मुद्दों को लेकर सरकार को लामबंद करने की तैयारी में है।

बिहार की नीतीश कुमार सरकार का विधानसभा में पहला बजट सत्र शुक्रवार से शुरू हुआ, जहां पर काफी सियासी ड्रामा हुआ। बजट सत्र के पहले ही दिन विपक्षी दलों के विधायकों के तेवर बता रहे हैं कि 24 मार्च तक चलने वाले इस सत्र में विपक्ष कई मुद्दों को लेकर सरकार को लामबंद करने की तैयारी में है।
 बजट सत्र के पहले दिन कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के विधायक लकड़ी का चूल्हा, जलावन लेकर विधानसभा परिसर में पहुंचे। राजद के विधायक मुकेश रौशन पेट्रोलियम पदाथरें के मूल्य में हो रही वृद्घि के विरोध में साईकिल से विधानसभा परिसर पहुंचे, तो कांग्रेस के विधायक अजीत शर्मा, विधायक प्रतिमा कुमारी और शकील अहमद लकड़ी का चूल्हा और जलावन लेकर सत्र के पहले दिन विधानसभा पहुंचे।
साइकिल पर सवार होकर विधानसभा सत्र की बैठक में शामिल होने पहुंचे राजद विधायक मुकेश रौशन ने कहा कि अब आम आदमी ही नहीं बल्कि विधायक भी पेट्रोल डीजल की बढ़ी हुई कीमतों से परेशान है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार की गलत नीतियों के कारण लगातार पेट्रोल और डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं और आम लोग परेशान हैं। विधायक ने कहा है कि अब साइकिल पर चलने के अलावा और कोई चारा नहीं बचा है।
कांग्रेस की महिला विधायक प्रतिमा कुमारी ने कहा कि महंगाई के कारण गृहस्थी चलाना अब मुश्किल हो गया है। रसोई गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं, घर में अब चूल्हा कैसे जलेगा, महिलाओं के सामने यह बड़ा सवाल है। उन्होंने इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार की गलत नीतियों को दोषी ठहराया।

Ujjwal Jain