मायावती ने बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह की मौत के मामले में की CBI जांच की मांग

Summary :

पटना के रहने वाले और बॉलीवुड के नवोदित सुपर स्टार सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने बृहस्पतिवार को सीबीआई जांच की मांग की। 

पटना के रहने वाले और बॉलीवुड के नवोदित सुपर स्टार सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने बृहस्पतिवार को सीबीआई जांच की मांग की। मायावती ने ट्वीट किया, ”बिहार मूल के युवा बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत का मामला रोज नए तथ्यों के उजागर होने व उनके पिता द्वारा पटना पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने से लगातार गहराता जा रहा है।” 
उन्होंने कहा, ”अब मामले की जाँच महाराष्ट्र व बिहार पुलिस द्वारा होने से बेहतर है कि प्रकरण की जाँच सीबीआई ही करे।” मायावती ने कहा, ”साथ ही सुशांत सिंह राजपूत प्रकरण में महाराष्ट्र व बिहार के कांग्रेसी नेताओं के अलग-अलग रवैये से ऐसा लगता है कि इनका असल मकसद इस प्रकरण की आड़ में पहले अपने राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति करना है तथा बाद में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात करना है, जो कतई उचित नहीं। महाराष्ट्र सरकार गंभीर हो।” 

उल्लेखनीय है कि सुशांत के पिता के के सिंह ने अपने बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाये जाने का आरोप लगाते हुए अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उसके परिवार के सदस्यों सहित छह अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। चौंतीस वर्षीय सुशांत 14 जून को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। 

Desk Team