Bharat Bhagya Vidhata Box Office Day 1: बॉलीवुड की ‘क्वीन’ कही जाने वाली एक्ट्रेस कंगना रनौत एक बार फिर सिनेमाघरों में अपनी नई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के साथ लौट आई हैं। यह फिल्म मुंबई में हुए 26/11 के आतंकवादी हमलों के दौरान कामा अस्पताल (Cama Hospital) की वीर नर्सों की सच्ची और बहादुर कहानी पर बेस्ड है । फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा थी और कंगना के अभिनय की तारीफ भी हो रही है, लेकिन जब बात कमाई की आई, लेकिन फिल्म को देखने के लिए थिएटर्स में पहले दिन बहुत कम लोग पहुंचे। पहले दिन के आंकड़े सामने आ चुके हैं, जिसे देखकर कंगना के फैंस को थोड़ा झटका लग सकता है।
Bharat Bhagya Vidhata Box Office Day 1: पहले दिन कमाए सिर्फ इतने करोड़, थिएटर्स में नहीं दिखी दर्शकों की भीड़

मनोज तापड़िया के निर्देशन में बनी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ शुक्रवार, 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश भर में इस फिल्म को कुल 2,181 शोज मिले थे। इतनी बड़ी रिलीज के बावजूद, फिल्म पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर केवल 1 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन ही कर पाई। अगर ग्रॉस कलेक्शन (Gross Collection) की बात करें, तो यह आंकड़ा लगभग 1.19 करोड़ रुपये तक पहुंचा है। थिएटर्स में दर्शकों की मौजूदगी (Occupancy) सिर्फ 11% रही, जिसका सीधा मतलब है कि पहले दिन ज्यादातर शो के दौरान थिएटर्स की सीटें खाली ही नजर आईं।
Bharat Bhagya Vidhata: कंगना को 11 साल से एक बड़ी ‘हिट’ का इंतजार, पुरानी फिल्मों का भी यही था हाल

कंगना रनौत के करियर के लिए यह फिल्म बेहद जरूरी मानी जा रही थी, क्योंकि साल 2015 में आई फिल्म ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स‘ के बाद से उन्होंने बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ी हिट फिल्म नहीं दी है। पिछले 11 सालों में कंगना ने करीब 12 फिल्मों में काम किया, जिनमें ‘थलाइवी’ और ‘इमरजेंसी‘ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स भी शामिल थे। हालांकि, इनमें से ज्यादातर फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा सकीं। कंगना की पिछली फिल्म ‘इमरजेंसी’ ने पहले दिन 2.5 करोड़ रुपये कमाए थे और कुल 23.81 करोड़ का बिजनेस किया था। अब ‘भारत भाग्य विधाता‘ की 1 करोड़ की ओपनिंग ने कंगना की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है।
Bharat Bhagya Vidhata Movie: दिलजीत दोसांझ और मनोज बाजपेयी से मिली कड़ी टक्कर

कंगना रनौत की फिल्म की इस धीमी शुरुआत के पीछे एक बड़ी वजह थिएटर्स में चल रहा कड़ा मुकाबला भी है। शुक्रवार को केवल ‘भारत भाग्य विधाता’ ही रिलीज नहीं हुई, बल्कि इसके साथ कई और बड़ी फिल्में भी मैदान में उतरीं। इम्तियाज अली के डायरेक्शन में बनी दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा‘ ने पहले दिन 1.15 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं, मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘गवर्नर‘ ने भी पहले दिन 90 लाख रुपये का बिजनेस किया। इसके अलावा वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है‘ और हॉलीवुड फिल्म ‘ही-मैन’ भी थिएटर्स में पहले से मौजूद हैं। इस भारी टक्कर के कारण कंगना की फिल्म को खुलकर दर्शक नहीं मिल पाए।
अब मेकर्स की सारी उम्मीदें शनिवार और रविवार यानी वीकेंड के कलेक्शन पर टिकी हैं। अगर फिल्म को अच्छे रिव्यू का फायदा मिलता है, तो इसकी कमाई में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

















