प्रभास की ‘आदिपुरुष’ और रणबीर कपूर स्टारर ‘रामायण’ के बाद अब रामायण पर बेस्ड एक और फिल्म दर्शकों के बीच आने वाली है। इस फिल्म का नाम ‘महाकाव्य श्रीरामायण कथा’ है, जिसके मेकर्स ने फिल्म का फर्स्ट लुक टीजर जारी किया है। लेकिन रिलीज होते ही इस टीजर ने सोशल मीडिया पर बवाल मचा दिया है और इसे लेकर एक अलग विवाद शुरू होता दिखाई दे रहा है, पर ऐसा क्यों हो रहा है चलिए आपको बताते हैं।
दरअसल इस फिल्म में ‘कच्चा बादाम’ फेम अंजलि अरोड़ा को माता सीता के किरदार में कास्ट किया गया है। उनकी कास्टिंग के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने नाराजगी जताई है। कुछ लोगों ने फिल्म के वीएफएक्स पर सवाल उठाए तो कई लोगों ने स्टारकास्ट को लेकर आपत्ति जताई। यहां तक कि कुछ यूजर्स ने फिल्म से जुड़े लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग तक कर डाली।
अंजलि अरोड़ा की कास्टिंग पर सोशल मीडिया में नाराजगी
अब काचा बादाम भी पाप धोने के लिए सीता बनी है? कौन ही पागल देखने जाएगा इस नौटंकी को? https://t.co/3Nmb52NSWM
— Ach. Ankur Arya Official (@AchAnkurArya) August 18, 2026
टीजर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर तरह-तरह के रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं। एक यूजर ने अंजलि अरोड़ा को सीता के रोल में लेने पर आपत्ति जताते हुए इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला बताया और फिल्म को लेकर सवाल खड़े किए। वहीं, दूसरे यूजर ने भी अंजलि की कास्टिंग पर नाराजगी जताई और इसे ‘घोर कलयुग’ से जोड़कर कमेंट किया। कुछ लोगों ने सवाल किया कि आखिर अंजलि को माता सीता का किरदार निभाने के लिए किस बेस पर चुना गया।

वहीं एक अन्य यूजर ने फिल्म से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ FIR की मांग करते हुए कहा कि धार्मिक केरेक्टर्स को लेकर इस तरह की कास्टिंग पर सवाल उठना नेचुरल है। कई लोगों ने तो यह भी आरोप लगाया कि फिल्म के जरिए उनकी धार्मिक भावनाओं के साथ मजाक किया जा रहा है।
‘रामायण’ को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी नई बहस

फिल्म की कास्टिंग को लेकर हो रही चर्चा सिर्फ अंजलि अरोड़ा तक लिमिटेड नहीं है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इसे रणबीर कपूर की आने वाली फिल्म ‘रामायण’ और प्रभास की ‘आदिपुरुष’ से भी जोड़ रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि जो दर्शक रणबीर कपूर की ‘रामायण’ को लेकर सवाल उठाते हैं, उन्हें इस फिल्म की कास्टिंग और प्रेजेंटेशन पर भी बैलेंस्ड रूप से अपनी राय रखनी चाहिए। वहीं, एक लोगों का क्लास ऐसा भी है जो साई पल्लवी और रणबीर कपूर के पुराने बयानों या विवादों को लेकर सवाल उठाए जाने का हवाला देते हुए ‘महाकाव्य श्रीरामायण कथा’ को लेकर भी सवाल पूछ रहा है।
कौन बना रहा है ‘महाकाव्य श्रीरामायण कथा’?

‘महाकाव्य श्रीरामायण कथा’ का निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है। वह इससे पहले ‘बालिका वधू’, ‘साथ निभाना साथिया’ और ‘देवों के देव महादेव’ जैसे टीवी सीरियल्स में एसोसिएट डायरेक्टर के तौर पर काम कर चुके हैं। फिल्म की स्टारकास्ट में भगवान राम का रोल में देव शर्मा, माता सीता के किरदार में अंजलि अरोड़ा, लक्ष्मण के रोल में शील वर्मा और हनुमान के किरदार में निर्भय वर्मा नजर आएंगे। वहीं, रावण का किरदार रजनीश दुग्गल निभा रहे हैं।
क्यों हो रही है कॉन्ट्रोवर्सी

दरअसल कई लोगों का माता सीता का किरदार निभा रही अंजलि अरोड़ा पर ये आरोप है कि उनकी पुरानी जिंदगी काफी विवादों में रही है, जिसमें उनके MMS लीक से लेकर कुछ अश्लील वीडियो बनाने तक के कई आरोप है। इस वजह से उनको माता सीता जैसे पवित्र किरदार का रोल निभाने पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है।
25 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म

अगर बात करें ‘महाकाव्य श्रीरामायण कथा’ की तो इसे हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी रिलीज किया जाएगा। फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिलहाल फिल्म के टीजर के बाद सोशल मीडिया पर जिस तरह के रिएक्शन देखने को मिल रहे है, उससे साफ है कि रिलीज से पहले ही ‘महाकाव्य श्रीरामायण कथा’ चर्चा में आ गई है। अब ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म रिलीज होने के बाद दर्शकों से फिल्म को क्या रिस्पॉन्स मिलता है।



Download Android App
Download iOS App




