Kanwar Yatra 2026 : कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। राजधानी में कांवड़ियों के प्रवेश से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख मार्गों, सीमाओं और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) और पीसीआर वैन तैनात की गई हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उत्तर, उत्तर-पूर्व, मध्य, बाहरी उत्तर, रोहिणी, पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण, द्वारका और अन्य जिलों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिन रास्तों से कांवड़िए दिल्ली में प्रवेश करते हैं, वहां निगरानी बढ़ा दी गई है और जरूरत के अनुसार पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। पुलिस ने कांवड़ मार्गों पर सहायता शिविर भी बनाए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत मदद मिल सके।
अधिकारियों ने बताया कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सात प्रमुख प्रवेश बिंदु हैं, जहां सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा पुलिस के साथ समन्वय बैठकें भी की हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर पुलिसकर्मी जिला सीमा की परवाह किए बिना श्रद्धालुओं की मदद करेंगे। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी व्यापक योजना तैयार की गई है। प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।
वाहन चालकों से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है। बुधवार को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने गाजीपुर के टेल्को पॉइंट और शाहदरा के चिंतामणि चौक का दौरा कर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राजधानी के सभी अग्निशमन केंद्रों को भी हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।



Download Android App
Download iOS App




