Delhi : राजधानी दिल्ली में हाल के दिनों में हुई भारी मानसूनी बारिश के बाद अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान दिल्ली में दिन के तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि मौसम अधिकांश समय शुष्क बना रहेगा।
आईएमडी के सात दिन के पूर्वानुमान के मुताबिक 12 और 13 जुलाई को राजधानी में हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन कोई खास बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि 14 जुलाई से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल व्यापक या भारी बारिश के कोई संकेत नहीं हैं।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए दिल्ली में किसी प्रकार की येलो, ऑरेंज या रेड अलर्ट जारी नहीं की है। इससे संकेत मिलता है कि निकट भविष्य में मौसम से जुड़ी किसी बड़ी व्यवधान या अत्यधिक वर्षा की आशंका नहीं है। हालांकि धूप निकलने के साथ वातावरण में उमस बढ़ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास अधिक होगा।
पिछले दो दिनों में हुई तेज बारिश से राजधानी के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी थी। वहीं, कई स्थानों पर तापमान में गिरावट आने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली थी। अब मानसून की गतिविधियां कुछ समय के लिए कमजोर पड़ने के कारण मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है।
न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस किया गया दर्ज
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली के मुख्य वेधशाला सफदरजंग में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटों तथा शाम 5:30 बजे तक किसी प्रकार की वर्षा रिकॉर्ड नहीं की गई।
विभाग के जिला-वार पूर्वानुमान में उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम, मध्य और नई दिल्ली सहित सभी क्षेत्रों के लिए लगभग समान मौसम रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि दिल्ली में बारिश का दौर फिलहाल कमजोर पड़ता दिख रहा है, लेकिन उत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है।
आईएमडी ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार तथा पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में आगामी दिनों के दौरान भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। ऐसे में इन राज्यों के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, जबकि दिल्लीवासियों को अगले कुछ दिनों तक अपेक्षाकृत स्थिर मौसम का सामना करना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें : DMRC प्रमुख ने ब्लू लाइन पर विकास कार्यों का लिया जायजा, स्टेशनों के पुनर्विकास की समीक्षा























