Jafrabad Blast Metro Power Lines: जाफराबाद मेट्रो स्टेशन पर गुरुवार शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब पतंग का मांझा दो मेट्रो पावर केबल के बीच फंसने से धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। घटना के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। मेट्रो पुलिस के डीसीपी भरत रेड्डी के अनुसार, शाम करीब 6:05 बजे सूचना मिली कि बुराड़ी की ओर जाने वाली मेट्रो लाइन पर जाफराबाद स्टेशन के पास धमाके जैसी आवाज आई हैं। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
किस कारण से हुआ धमाका?
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आसपास के कुछ बच्चे पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान पतंग का मांझा मेट्रो की दो पावर केबल के बीच फंस गया, जिससे शॉर्ट सर्किट जैसी स्थिति बनी और हल्का धमाका हुआ। इसके साथ ही केबल में चिंगारी और मामूली आग भी लग गई।
किसी की नुकसान की कोई खबर नहीं
घटना के बाद एहतियातन मेट्रो परिसर को खाली कराया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। अधिकारियों के अनुसार स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और मेट्रो सेवाओं को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: Shreyasi Singh बिहार CM रेस में आगे, क्या दिल्ली की तरह पार्टी करेगी अचानक ऐलान?





















