नई दिल्ली : हम केवल नारियल फोड़ने में विश्वास नहीं रखते, बल्कि उक्त प्रोजेक्ट को पूरा करवाकर उसका उद्घाटन भी करते हैं। यह कहना है पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा का। रविवार को नजफगढ़ स्थित ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र में वर्षो से लंबित पड़े 100 बिस्तरों के अस्पताल का शिलान्यास करने के दौरान उन्होंने कहा कि नजफगढ़ देहात में इस अस्पताल का पहले भी दो बार शिलान्यास हो चुका है लेकिन वह केवल चुनावी जुमला ही बनकर रह गया। आज जो शिलान्यास हुआ है वह मात्र उद्घाटन नहीं है। हम इस अस्पताल में को जल्द बनवाएंगे। इस मौके पर उपमहापौर सत्यपाल मलिक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
अब पैसे के अभाव में नहीं रुकेगा इलाज
सांसद वर्मा ने कहा कि अब पैसे की कमी के कारण मरीजों को इलाज न मिलने पर दम नहीं तोड़ना पड़ेगा। नजफगढ़ देहात के लिए यह एक विडंबना ही थी कि वर्षो से लंबित पड़ी मांग और जिस की सबसे ज्यादा आवश्यकता थी वही अस्पताल पूरा नहीं हो पाया था। लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने जनता के इस सपने को साकार कर दिया है।
उन्होंने कहा कि नजफगढ़ के इस 100 बिस्तर के अस्पताल के निर्माण में कुल 95.26 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसमें 65 करोड़ भवन निर्माण पर और 30.26 करोड़ रुपये से अस्पताल में उपकरण लगाए जाएंगे। अस्पताल में ट्रामा सेंटर के साथ-साथ सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अब नजफगढ़ देहात के लोगों व मरीजों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना होगा।
अगले साल शुरू हो जाएगा अस्पताल
केंद्र के निदेशक डाॅ. चरण सिंह ने बताया कि अस्पताल का निर्माण एरिया 1 लाख 10 हजार वर्ग फुट होगा। यह अस्पताल फरवरी 2020 में काम करना शुरू कर देगा। वहीं अन्य अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यहां उपचार के लिए आने वाले मरीजों को सफदरजंग अस्पताल भेजा जाता है। सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि नजफगढ़ फिरनी पर सीसीटीवी कैमरे लगाने कार्य जल्द शुरू होगा। इस कार्य के लिए सांसद निधि से प्रोजेक्ट को मंजूर करा दिया है।


Download Android App
Download iOS App



