Kejriwal Statement On LPG Crisis: गैस की सप्लाई पूरे देश में चरमरा गई है, कई राज्यों में होटल, रेस्टोरेंट में ताले लग गए है तो कहीं गैस एजेंसी के बाहर देर रात से ही लोगों की लंबी लाइन लगी हुई है। इसी बीच दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एलपीजी सिलेंडरों की कमी को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला और पश्चिम एशिया संघर्ष में सरकार के रुख पर सवाल उठाए। अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भारत ईंधन संकट का सामना कर रहा है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका और इजरायल का साथ दिया है और गुटनिरपेक्षता नीति को नष्ट कर दिया है।
केजरीवाल ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य जिसपर ईरान का नियंत्रण है वहां से भारत का गैस आयात काफी कम हो गया है। जिससे देश गंभीर संकट से जूझ रहा है क्योंकि खाना पकाने और व्यवसाय में इस्तेमाल होने वाली एलपीजी गैस की कमी हो गई है। एलपीजी उत्पादन में 50 प्रतिशत की कटौती के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। खपत होने वाली एलपीजी का 60 प्रतिशत आयात किया जाता है, और उस आयात का 90 प्रतिशत ईरान के नियंत्रण वाले मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य से आता है। जिससे भारत के आयात में 90 प्रतिशत की गिरावट आई है।
इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया है और ईरान केवल मित्र देशों को ही होर्मुज जलडमरूमध्य से अपने जहाजों को गुजरने की अनुमति दे रहा है। ऐसे संघर्ष में, जिसमें हमारा कोई हित नहीं था, उन्होंने गुटनिरपेक्षता की नीति को ध्वस्त कर दिया। केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 140 करोड़ लोगों के इस देश को अमेरिका की कॉलोनी बना दिया है। बता दें कि ईरान पर अमेरिका और इजरायल के भीषण हमले के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया गया है और जंग के 12वें दिन भारत में गैस सप्लाई प्रभावित हो गई है।






















