संबित पात्रा ने शोएब पर लगाए कई गंभीर आरोप

Summary :

कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हुए शोएब इकबाल को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आप पर करारा हमला बोला है।

नई दिल्ली : कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हुए शोएब इकबाल को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आप पर करारा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि शोएब इकबाल जो दिल्ली में कांग्रेस के नेता थे अब उन्होंने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर उनकी पार्टी ज्वाइन कर ली है। पात्रा ने कहा कि इकबाल पर हत्या और डकैती जैसे गंभीर आरोप हैं। 
उन्होंने केजरीवाल से पूछा कि आप ऐसे लोगों को पार्टी में क्यों शामिल करते हैं। संबित पात्रा ने आगे कहा आज खुलासा हुआ है कि देश में चाहे आगजनी हो, हिंदू-मुसलमानों के बीच बंटवारा हो या आप चाहे गर्दन काटने की बात करें लेकिन ये सब जायज है, केजरीवाल इन्हें अपनी पार्टी में शामिल करेंगे और वोट बैंक की राजनीति करेंगे ताकि मुस्लिम वोट बैंक को साधा जा सके। 
उन्होंने कहा कि मोहम्मद इकबाल जो शोएब इकबाल का बेटा है और कॉउंसलर भी है उसने सीएए के प्रोटेस्ट के दौरान अपने भाषण में कहा कि ऐ नरेंद्र मोदी तू जिसका भी मोटा भाई होगा, सुन ले, इस जामा मस्जिद के चौक से हम तुझे कहते हैं कि हम गर्दन कटा लेंगे, लेकिन शरीयत में घुसपैठ बर्दाश्त नहीं करेंगे। बता दें कि शोएब इकबाल दिल्ली की मटिया महल विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रह चुके हैं। 
शोएब इकबाल गुरुवार शाम को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। इकबाल 1993 से लेकर 2015 तक लगातार जीतते रहे लेकिन 2015 के विधानसभा चुनावों में उन्हें आप के उम्मीदवार आसिम अहमद खान के हाथों हार का मुंह देखना पड़ा।

Desk Team