Uttam Nagar Murder Update: दिल्ली के उत्तम नगर में 27 साल के तरुण की हत्या के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। शुक्रवार को गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर के बाहर खड़ी एक कार और मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया। इससे पहले गुरुवार रात भी तीन गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई थी। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस और अर्द्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं।
Uttam Nagar Murder Update: गुब्बारा गिरने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक होली के दिन एक बच्ची के हाथ से रंग भरे पानी का गुब्बारा गलती से दूसरे समुदाय की महिला पर गिर गया था। इसके बाद कई लोग इकट्ठा हो गए और मारपीट शुरू हो गई, जिसमें तरुण की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि बच्ची और उसके परिवार ने माफी भी मांगी थी और गुब्बारा जानबूझकर नहीं फेंका गया था।
Uttam Nagar Murder: पुलिस की कार्रवाई और लोगों का प्रदर्शन
द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह के अनुसार हत्या का मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उत्तम नगर थाने के बाहर प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की जांच जारी है।
























