पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद और पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने शुक्रवार को दिल्ली विकास प्राधिकरण को पत्र लिख यमुना क्रीडा स्थल का नाम बदलकर शहीद भगत सिंह क्रीडा स्थल करने का अनुरोध किया है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि, पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार स्थित यमुना क्रीड़ा स्थल में क्षेत्र की जनता व ज्यादातर युवा अपने व्यायाम व अन्य खेल आदि प्रकल्पों हेतु आवागमन करते हैं।
अत: इसका नाम यमुना क्रिड़ा स्थल से बदलकर ‘शहीद भगत सिंह क्रिड़ा स्थल’ कर देना ऐसे महान क्रांतिकारी के प्रति श्रद्धांजलि व उनके सम्मान में एक छोटा सा योगदान होगा। साथ ही क्रीड़ा स्थल के मुख्य द्वार पर उनकी एक विशाल प्रतिमा लगा कर उनके आजादी में दिए गए योगदान व बलिदान का विवरण हो, ऐसी व्यवस्था भी की जानी चाहिए।
सांसद गौतम गंभीर के अनुसार, भारत जब भी अपने आजाद होने पर गौरवान्वित होता है तो उसका सर सदैव उन महापुरुष के सम्मान में झुकता रहेगा, जिन्होंने स्वतंत्र भारत के लिए अपने प्राणों की आहूति दी। उन महापुरुषों से एक महान क्रांतिकारी अमर शहीद भगत सिंह का नाम सदैव स्वर्ण अक्षरों लिखा जाएगा।