हमारे तंत्र की नाकामी और परीक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचारियों की जबरदस्त घुसपैठ के परिणामस्वरूप पेपर लीक होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। पहले तो मई का महीना छात्रों के लिए किसी बुुरे सपने से कम नहीं रहा। नीट, सीबीएसई, एसएसई और सीयूईटी-यूजी परीक्षाओं का आयोजन तो हुआ लेकिन इन सभी परीक्षाओं में अलग-अलग कारणों से विवाद देखने को मिला। कहीं पेपर लीक हुआ तो कहीं तकनीकी कारणों से परीक्षा को दोबारा कराने की नौबत आ गई। अब पेपर लीक होने के चलते महाराष्ट्र, शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) एक दिन पहले ही स्थगित कर दी गई। परीक्षा का स्थगित होना एक बार फिर 6 लाख छात्रों को रुला गया।
नीट यूजी परीक्षा तो दोबारा हो गई। अभी इस पर विवाद थमा भी नहीं था कि सीबीएसई बोर्ड की कापियों का मूल्यांकन करने के लिए ऑन स्क्रीन मार्किंग प्रणाली की गलतियों का भांडा फूट गया। जब छात्रों ने अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की री-इवैल्यूएशन करवाई तो अनेक के अंक बढ़ गए। रांची की छात्रा अवनी केजरीवाल ने 500 में से 500 अंक हासिल किए और टॉपर बन गई। इससे स्पष्ट है कि छात्रों के भविष्य से कितना बड़ा खिलवाड़ किया जा रहा है। महाराष्ट्र के टीईटी पेपर लीक होने का पैटर्न नीट परीक्षा की तरह ही रहा। कुछ लोगों के पास ऐसे प्रश्न पत्र थे जिनके सवाल टीईटी परीक्षा के प्रश्न पत्र से मिलते-जुलते थे।
पेपर लीक होना कोई नई बात नहीं। 2002 से लेकर 2026 तक 46 प्रमुख पेपर लीक हुए थे लेकिन परीक्षा निकायों में महत्वपूर्ण पदों पर आसीन मुट्ठीभर अधिकारियों को हटाया गया या उनके खिलाफ कार्रवाई की गई जिसमें अदालती दोषसिद्धि भी शामिल है। महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक के मास्टर माइंड विजेन्द्र गुप्ता की तलाश पुलिस कर रही है और अब तक तीन गिरफ्तारियां हुई हैं। बिहार के समस्तीपुर निवासी विजेन्द्र गुप्ता पर पहले भी पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप लगते रहे हैं लेकिन आज तक उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। 2024 के एक स्टिंग ऑपरेशन में खुद विजेन्द्र गुप्ता ने बड़े-बड़े दावे किए। महाराष्ट्र में टीईटी परीक्षा के औचित्य पर भी सवाल उठने लगे हैं। अनेक शिक्षाविदों का कहना है कि पहले नीट और टीईटी शिक्षकों को 2028 तक यह परीक्षा पास करने को कहा गया है।
नौकरी मिलने के बाद परीक्षाओं को लेकर नीति अर्थहीन है। इसलिए टीईटी की कोई जरूरत ही नहीं है। लाखों छात्रों की सालभर की मेहनत पेपर लीक के चलते बर्बाद हो जाती है तो परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कैसे करें। बार-बार हो रही घटनाओं से छात्रों का शासन व्यवस्था पर भरोसा खत्म हो चुका है। पेपर लीक के चलते छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर गम्भीर प्रभाव पड़ता है। नीट परीक्षा लीक होने के बाद देशभर में दर्जनभर छात्र-छात्राएं आत्महत्या कर चुके हैं। कितने ही परिवार जो ऋण लेकर अपने बच्चों को तैयारी करवाते हैं, बुरी तरह से टूट चुके हैं। जब छात्र सड़कों पर आकर विरोध प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें दहशतगर्द करार दिया जाता है।
आंकड़े इस समस्या की गंभीरता को रेखांकित करते हैं। बोर्ड परीक्षाओं से लेकर प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश परीक्षाओं तक, प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं ने देशभर में अनगिनत छात्रों को प्रभावित किया है। ये उल्लंघन न केवल परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को खतरे में डालते हैं, बल्कि शैक्षणिक ढांचे के भीतर मौजूद व्यवस्थागत कमजोरियों को भी उजागर करते हैं। प्रश्न पत्र लीक होने के परिणाम केवल व्यवस्थागत बाधाओं तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि शैक्षणिक संस्थानों में जनता के विश्वास को भी प्रभावित करते हैं और छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच समान रूप से चिंताएं बढ़ाते हैं। इस जटिल मुद्दे के समाधान के लिए तकनीकी नवाचारों, कड़े नियामक ढांचे और निष्पक्ष मूल्यांकन प्रथाओं की नैतिक अनिवार्यता के बारे में हितधारकों के बीच जागरूकता बढ़ाने सहित एक समन्वित प्रयास की आवश्यकता है।
भारत अपनी परीक्षा प्रणालियों की पवित्रता बनाए रखने के लिए प्रयासरत है, ऐसे में परीक्षा पत्रों के लीक होने की रोकथाम देशभर में समान अवसर सुनिश्चित करने और शैक्षणिक गतिविधियों की अखंडता को संरक्षित करने के लिए एक महत्वपूर्ण चुनौती है। भारत में परीक्षा पत्रों का लीक होना एक गंभीर समस्या बन गया है, जिससे शिक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता धूमिल हो रही है और हितधारकों के बीच गंभीर चिंताएं पैदा हो रही हैं। इन लीक की बार-बार होने वाली घटनाओं के कई कारण हैं। शिक्षा क्षेत्र में तकनीकी कमजोरियां, विशेष रूप से कमजोर साइबर सुरक्षा उपाय, अपराधियों को डिजिटल प्रणालियों का दुरुपयोग करने और गोपनीय परीक्षा पत्रों तक अवैध रूप से पहुंचने की अनुमति देते हैं। भ्रष्टाचार भी एक प्रमुख कारण है, जिसमें अधिकारियों और वित्तीय लाभ चाहने वाली बाहरी संस्थाओं के बीच मिलीभगत परीक्षाओं की निष्पक्षता से समझौता करती है।
प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों या सरकारी नौकरियों के लिए परीक्षाओं की प्रतिस्पर्धी प्रकृति उम्मीदवारों पर दबाव बढ़ाती है जिससे कुछ उम्मीदवार अनुचित लाभ प्राप्त करने के लिए लीक हुए पत्रों का उपयोग करने जैसी अनैतिक प्रथाओं का सहारा लेते हैं। अपर्याप्त नियामक निगरानी और प्रवर्तन तंत्र इस समस्या को और भी गंभीर बना देते हैं क्योंकि कमजोर दंड प्रभावी रूप से कदाचार को रोकने में विफल रहते हैं। वित्तीय प्रोत्साहन भी संगठित समूहों को कागजात लीक करने के लिए प्रेरित करते हैं क्योंकि वे लीक हुए कागजातों को प्रतिस्पर्धी बाजार में मूल्यवान वस्तु के रूप में देखते हैं।
जब तक परीक्षा तंत्र को पवित्र नहीं बनाया जाता, तब तक छात्रों के सपने टूटते रहेंगे और जिन्दगियां खत्म होती रहेंगी। क्या छात्रों की आत्महत्याएं शासन व्यवस्था के लिए महज एक मौत का आंकड़ा ही बनी रहेगी। पेपर लीक कांड एक राष्ट्रीय संकट बन चुका है। छात्रों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है, इसलिए सिस्टम को सुुधारना बहुत जरूरी है। शासन व्यवस्था को इस बात का अहसास हो जाना चाहिए कि जब-जब युवाओं के सपनों पर वार होगा तब-तब उनके हाथों में मशाल होगी।


Download Android App
Download iOS App




