फरीदाबाद: ओल्ड फरीदाबाद और बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर मैजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान चलाया लगाया। अभियान के दौरान 379 यात्री बिना टिकट के पकड़े गए। रेलवे ने इन पर 1.26 लाख रुपये का जुर्माना ठोंका। इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व डिवीजनल कमर्शियल इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह ने किया। इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह अपने लाव लश्कर के साथ मंगलवार सुबह ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे। 7 बजे चेकिंग शुरू की गई। दोपहर साढ़े 12 बजे तक फरीदाबाद के रास्ते पलवल और दिल्ली के बीच चलने वाली ईएमयू ट्रेन, आगरा इंटर सिटी, आगरा पैसेंजर समेत एक दर्जन से अधिक ट्रेनों की चेकिंग की गई। सरबजीत ने बताया कि मंगलवार सुबह 7 बजे से फरीदाबाद स्टेशन पर सघन चैकिंग शुरु की गई। जिसमें 33 टिकट चैकिंग स्टाफ व 16 आरपीएफ स्टॉफ की टीम ने हिस्सा लिया। टीम ने पूरे स्टेशन को चारों तरफ से घेर लिया।
इस दौरान ईएमयू और एक्सप्रेस ट्रेनों की चेकिंग की गई। रेलवे स्टेशन पर हुई मजिस्ट्रेट चेकिंग के कारण यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कुछ बिना टिकट यात्री चलती ट्रेन से कूदकर भाग गए। वहीं कुछ यात्रियों को आपीएफ की टीम ने दबोच लिया। करीब पांच घंटे चली चेकिंग में 379 यात्री पकड़े गए। चेकिंग के बाद स्टेशन पर ही मजिस्ट्रेट की कोर्ट लगी, जिसमें पकड़े गए यात्रियों को पेश किया गया। सभी ने जुर्माना अदा किया। इनसे एक लाख 26 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। उन्होंने बताया कि अभियान का मकसद गाडिय़ों में बिना टिकट चलने वालो की धड़पकड करना तो है ही साथ ही रेलवे की टिकट बिक्री में भी इजाफा लाना है। आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेगे। इस चैकिंग में एसीएम मधुकर श्याम, सहायक सब इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह, हेड कांस्टेबल जगबीर सिंह, कांस्टेबल एस के सिंह, महिला कांस्टेबल सुनीता पटेल शामिल रहे।
– राकेश देव


Download Android App
Download iOS App



