हरियाणा के करनाल में रविवार को लापरवाही से गाड़ी नहीं चलाने के बारे में बार-बार बोले जाने से आक्रोशित 20 वर्षीय युवक ने पांच लोगों को टक्कर मार दी जिससे दो लोगों की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गए।
करनाल के निलोखड़ी में हुआ हादसा
पुलिस ने बताया कि करनाल के निलोखड़ी में शुक्रवार को एक शादी थी और जब यह घटना हुई तो कुछ मेहमान एक घर के बाहर खड़े थे। आरोपी ने अपनी कार इन लोगों पर चढ़ा दी जिससे दो लोगों की मौत हो गयी और तीन घायल हो गए।
बुटाना के एसएचओ कंवर सिंह ने फोन पर बताया कि यह युवक अकसर लापरवाही से गाड़ी चलाता था और इलाके के निवासियों ने कई बार उसे सावधानी से गाड़ी चलाने को कहा था।
हत्या का मामला दर्ज , आरोपी अभी फरार
उन्होंने बताया, ‘‘वह इस बात से गुस्सा हो गया। आरोपी अमन की आयु 20 वर्ष के आसपास है। शिकायत के अनुसार उसने लोगों पर अपनी कार चढ़ा दी जो घर के बाहर खड़े थे। घटना में 40 वर्ष की आयु के आसपास की एक महिला और 50 वर्ष से अधिक उम्र के एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य लोगों को चोटें आयी हैं।’’
सिंह ने कहा, ‘‘आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वह फरार है और हम उसे गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



