सिरसा : डेरा सच्चा सौदा एक गुमराह सौदा है और इसकी गहनता से जांच हो, तो कई और सच सामने आ सकते है। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम इंसानियत की आड़ में गैर कानूनी काम करता था और अब यह परते खुलने लगी है। इसलिए यह डेरा सच्चा सौदा नहीं झूठा सौदा है, जो मुझे खत्म करना चाहता था, ताकि मैं सिख धर्म का प्रचार न कर पाऊ। यह बात पंथक सेवा लहर के प्रमुख एवं सरबत खालसा के श्री दमदमा साहेब के नियुक्त जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल ने कही। वे सूरतगढिय़ा बाजार स्थित गुरुद्वारा श्री दसवी पातशाही में आज सुबह पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
जत्थेदार दादूवाल ने कहा कि बरगाड़ी कांड में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने यह कबूला है कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने मुझे मारने की उन्हें सुपारी दी थी। उन्हें डेरा सच्चा सौदा ने हथियार भी उपलब्ध करवाए थे। न्यायाधीश रणजीत सिंह जांच कमीशन ने पंजाब सरकार को सौंपी रिपोर्ट में इस बात का जिक्र किया है। एसआईटी टीम से डीआईजी रणबीर सिंह खत्तरा ने यह रिपोर्ट पंजाब सरकार को सौंपी है। जत्थेदार दादूवाल ने कहा कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख एक लंबे समय से मुझे मारने की साजिश रच रहा था, क्योंकि मैंने डेरा सच्चा सौदा में हो रहे काले धंधों को उजागर किया है।
मुझ पर डेरा की तरफ से गलत केस भी दर्ज करवाए गए है, मगर अब गुरमीत राम रहीम जेल की सलाखों के पीछे है। उसके कांड सामने आ रहे है और गुनाहों की परते खुल रही है। अब वह जेल में रहकर भी मुझे मारने की साजिश रच रहा है। जत्थेदार दादूवाल ने मांग की है कि पंजाब-हरियाणा सरकार गंभीरता से इस मामले की जांच कर गुरमीत राम रहीम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।इस संबंध में डेरा सच्चा सौदा की ओर से स्पष्टीकरण देते हुए प्रकाश सिंह सलवारा ने बताया कि डेरा सच्चा सौदा पर लगाए गए तमाम आरोप गलत व बेबुनियाद है। डेरा सच्चा सौदा सभी का सम्मान करता है और डेरा की कोई भी वैर-विरोध की नीति नहीं है। डेरा सच्चा सौदा सभी को प्रेम प्यार की शिक्षा देता है और इस कमीशन रिपोर्ट में जिन लोगों का नाम सामने आया है, उनकी रीति नीति डेरे की नहीं हो सकती।
(दीपक शर्मा)


Download Android App
Download iOS App



