सिरसा : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने शहर में भादरा बाजार, हिसारिया बाजार में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सिरसा की जनता का स्नेह एवं सहयोग हमेशा उन्हें मिलता रहा है। जनता के भरोसे को कायम रखना ही किसी राजनेता की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है।
डा. तंवर ने कहा कि सिरसा उनके दिल में बसता है। इससे पहले सुबह उन्होंने कांग्रेस के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों संग बैठक भी की। यहां पर मीडियाकर्मियों से बातचीत में डा. अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस को किसी से गठबंधन की जरूरत नहीं है। कांग्रेस का गठबंधन जनता के साथ है।
जनता ने इस बार केंद्र एवं राज्य में सत्तासीन भाजपा सरकारों को वोट की चोट से सबक सिखाने का मन बनाया हुआ है। डा. तंवर ने इनेलो-भाजपा के बीच चल रही गठबंधन की चर्चा पर कहा कि ये दोनों दल तो एक ही हैं। शिरोमणि अकाली दल भी साथ है। इन दलों के नेताओं ने कभी एक-दूसरे का विरोध नहीं किया।
अरविंद शर्मा के भाजपा में शामिल होने पर चुटकी लेते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद शर्मा कांग्रेस में आना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस मेंं ऐसी विचारधारा के लोगों को नहीं लिया जाता है।


Download Android App
Download iOS App



