राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने पिछले साल तमिलनाडु के कोयंबटूर में आईएसआईएस से जुड़े कार बम धमाके में बड़ी कार्रवाई की है। एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि एजेंसी ने कोयंबटूर कार बम धमाके में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एनआईए ने बताया कि कोयंबटूर के निवासी मोहम्मद इदरीस उर्फ इदरीस को अन्य आरोपियों के साथ मिलकर आतंकी हमले की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
प्राचीन मंदिर के बाहर हुए विस्फोट
यह मामला 23 अक्तूबर 2022 को तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक प्राचीन मंदिर के बाहर हुए विस्फोट से जुड़ा है। मंदिर के सामने एक वाहन से आए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस में विस्फोट हुआ था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के मुताबिक वाहन चलाने वाले मुख्य आरोपी जेम्स मुबीन की विस्फोट में मौत हो गई थी। एजेंसी के मुताबिक, इदरीस का मुबीन के साथ काफी अच्छे संबंध थे और आतंकी हमले की योजना में अन्य आरोपियों के साथ साजिश बैठकों का हिस्सा था। अधिकारी ने कहा कि जांच से पता चला है कि मुख्य आरोपी जेम्स मुबीन वैश्विक आतंकी समूह आईएसआईएस की कट्टर विचारधारा से प्रेरित था और उसने प्रतिबंधित समूह के स्व-घोषित खलीफा अबू-अल-हसन अल-हाशिमी अल-कुरैशी के प्रति निष्ठा का वादा करने के बाद आतंकवादी हमले को अंजाम दिया था।
अदालत के समक्ष दो अलग-अलग आरोप पत्र दायर
20 अप्रैल और 2 जून को, संघीय जांच ने मामले में छह और पांच आरोपियों के खिलाफ चेन्नई के पूनमल्ली में एनआईए अदालत के समक्ष दो अलग-अलग आरोप पत्र दायर किए। मामला शुरू में उक्कदम पुलिस स्टेशन द्वारा दर्ज किया गया था और बाद में 27 अक्टूबर, 2022 को एनआईए ने इसे अपने कब्जे में ले लिया। 20 अप्रैल को दायर की गई शिकायत में मोहम्मद असरूथीन, मोहम्मद थल्हा, फिरोज, मोहम्मद रियास, नवास और अफसर खान के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया था। एनआईए की जांच में पाया गया कि मुबीन ने मोहम्मद असरुथीन, उमर फारुक, शेख हिदायतुल्लाह और सनोफर अली के साथ मिलकर कोयम्बटूर शहर में आत्मघाती आतंकी हमलों की एक श्रृंखला को अंजाम देने की साजिश रची थी।


Download Android App
Download iOS App



