फरीदाबाद : बकाया भुगतान न होने से परेशान एक ठेकेदार ने पुलिस आयुक्त कार्यालय में जहरीला पदार्थ खा लिया। ठेकेदार को गंभीर हालत में सेक्टर-21 स्थित एशियन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ठेकेदार आईसीयू में भर्ती है और हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद हरकत में आई थाना सूरजकुंड की अनखीर चौकी पुलिस ने ठेकेदार के बयान पर तीन लोगों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने और शस्त्र अधिनियिम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मूलरूप से आदमपुर मंडी, हिसार निवासी सुरेंद्र मोहन रंगाई पुताई के ठेके लेते हैं।
उनके सुपरवाइजर सुरेश ने बताया कि ग्रेटर फरीदाबाद में बनी नई पुलिस लाइन का एक कंपनी ने ठेका लिया था। उस कंपनी ने पुलिस लाइन में रंगाई पुताई का ठेका सुरेंद्र मोहन को दिया था। पुलिस लाइन का काम पूरा होने के बाद सुरेंद्र कंपनी से कई बार भुगतान के लिए कह चुका था, मगर वे भुगतान नहीं कर रहे थे। सुरेंद्र मोहन ने कंपनी से करीब २५ लाख रुपये लेने हैं। कई बार कहने के बावजूद जब कंपनी की ओर से भुगतान नहीं हुआ तो सुरेंद्र मोहन पुलिस आयुक्त से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे। वहां उनकी किसी अधिकारी से मुलाकात नहीं हो पाई।
इससे परेशान सुरेंद्र मोहन ने वहीं कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। सुरेंद्र की हालत बिगडऩे पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें एशियन अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। सुपरवाइजर सुरेश ने बताया कि उन्होंने उनके परिवार को भी सूचना दे दी थी, वे भी फरीदाबाद आ चुके है। अनखीर चौकी प्रभारी ने बताया सुरेंद्र मोहन के बयान पर सुनील, हरीश और पवन के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सुरेंद्र ने अपने बयान में बताया कि पवन पिस्तौल रखता है और अक्सर जान से मारने की धमकी देता है।
– राकेश देव


Download Android App
Download iOS App



