हरियाणा चुनाव : दंगल में BJP ने उतारे 78 उम्मीदवार, जानिए किसे- कहां से मिला टिकट

Summary :

भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आज 78 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को करनाल से उम्मीदवार बनाया गया है।

भाजपा ने हरियाणा में 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को अपने 78 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को करनाल से चुनाव मैदान में उतारा गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया कि पार्टी में हाल में शामिल हुए कुछ खिलाड़ियों को भी टिकट दिए गए हैं।

पहलवान बबीता फोगाट, पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान संदीप सिंह, ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त को क्रमश: दादरी, पिहोवा और बरोदा से उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने 90 सदस्यीय विधानसभा में चुनाव के लिए 38 विधायकों को फिर से टिकट दिया है और उनमें से सात के टिकट काट दिए हैं ।
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक रविवार को हुई थी। खट्टर 2014 में करनाल सीट से चुनाव जीते थे। हरियाणा भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला टोहाणा, कैप्टन अभिमन्यु नारनौंद और ओम प्रकाश धनखड़ बादली से चुनाव लड़ेंगे । पूर्व केंद्रीय मंत्री और जाट नेता बिरेंद्र सिंह की विधायक पत्नी उचाना कलां से चुनाव लड़ेंगी । इस सीट पर 2014 में उन्होंने जीत हासिल की थी । उम्मीदवारों में नौ महिलाएं और दो मुस्लिम हैं । 

Desk Team