जींद : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा लोकसभा प्रभारी कलराज मिश्र ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण आज देश की 125 करोड़ जनता गर्व से गुमान कर रही है। पिछले चार सालों के दौरान देश में जो स्वाभिमान से जीने के हालात बने है, उसके चर्चे विदेशों में भी चल रहे है।
कांग्रेस सरकार में जो भ्रष्टाचारी और कमीशनखोरी का खेल चलता था, वह अब पूरी तरह से बंद हो गया है। इसके पीछे प्रधानमंत्री की देश के लिए कुछ खास कर गुजरने की सोच है। पूर्व केंद्रीय मंत्री गुरूवार को अर्बन एस्टेट में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा देश ही परिवार है। इसलिए वे इस परिवार को सींचने के लिए दिन-रात मैदान में जमे हुए है। विकास कराने का उनका कारवां रूकने का नाम नहीं ले रहा है।
भाजपा सरकार की सबको साथ लेकर समान विकास कराने की जो सोच है, उसके नतीजन आने वाले लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी फिर से देश की बागडोर संभालेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जाति-पाति के चक्कर में पड़कर विकास को रोकने का काम ना करें। यदि देश-प्रदेश को विकास के क्षेत्र में उड़ान देनी है तो जाति-पाति और उम्मीदवार का चेहरा देखने की बजाय केवल एक ही मकसद रखें कि हर जगह कमल को खिलाना है। क्योंकि कमल खिलने पर मोदी की विकास गति ओर भी तेज होगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बात को समझ चुकी है कि उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से दाल गलने वाली नहीं है। इसलिए उन्होंने प्रियंका गांधी को आगे किया है। किंतु देश की जनता जानती है कि जब कांग्रेस सरकार थी, तब ना राष्ट्र के हित में कुछ किया और ना ही समाज के हित में। इसलिए कांग्रेस की दुकान बंद हो चुकी है और लोकसभा चुनाव में देश के लोग मोदी की ओर देख रहे है तथा हरियाणा में मनोहर लाल की ओर।


Download Android App
Download iOS App



